नागोया: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। 212 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही पाकिस्तान की टीम ने मुकाबले को आखिरी ओवर तक खींचा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 रन से जीत दर्ज की।
भारत की इस जीत के बाद पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव की प्रतिक्रिया भी सामने आई। उन्होंने टीम इंडिया को जीत की बधाई देते हुए कहा, कि उन्हें भारतीय टीम की ताकत पर पूरा भरोसा था। कपिल देव के मुताबिक, भारतीय खिलाड़ी लगातार अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं और टीम पाकिस्तान के मुकाबले काफी बेहतर है।
अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की शानदार बल्लेबाजी
फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए। टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की अहम भूमिका रही।
अभिषेक शर्मा ने शुरुआत से ही पाकिस्तानी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में 61 रन बनाए और अपनी पारी में 7 छक्के लगाए। वहीं तिलक वर्मा ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन जोड़ते हुए 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए। शिवम दुबे ने भी 27 रन का योगदान देकर भारत को 200 के पार पहुंचाने में मदद की।
हसन नवाज ने बढ़ाई भारत की मुश्किल
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 39 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हसन नवाज ने पारी संभाली और भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन बनाए।
हसन ने 51 गेंदों में 96 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी के कारण मुकाबला आखिरी ओवर तक पहुंच गया। अंतिम ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 33 रन की जरूरत थी। हसन ने कोशिश जारी रखी, लेकिन शिवम दुबे ने आखिरी गेंद पर उनका विकेट लेकर मुकाबला खत्म कर दिया।
पाकिस्तान 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सका। भारत की ओर से अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट लिए।
यह भी पढ़ें: साउथ सिनेमा को बड़ा झटका: 95 साल की उम्र में दिग्गज फिल्ममेकर सिंगीतिम श्रीनिवास राव का निधन
क्रिकेट में भारत का डबल गोल्ड
इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट के दोनों गोल्ड मेडल अपने नाम किए। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में श्रीलंका को 147 रन से हराकर गोल्ड मेडल जीता था।
पुरुष टीम के गोल्ड के बाद भारत के कुल मेडल की संख्या 85 हो गई, जिसमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।

