Tuesday, June 2, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमुंद्रा तट पर बड़ी कार्रवाई, भारतीय तटरक्षक बल और ATS गुजरात ने...

मुंद्रा तट पर बड़ी कार्रवाई, भारतीय तटरक्षक बल और ATS गुजरात ने पकड़ी ₹1150 करोड़ की कोकीन

गुजरात। Indian Coast Guard और ATS Gujarat ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए समुद्री रास्ते से हो रही ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों एजेंसियों ने मुंद्रा तट के पास करीब 115 किलो कोकीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1150 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह संयुक्त एंटी-स्मगलिंग ऑपरेशन 25 और 26 मई 2026 की दरमियानी रात गुजरात के मुंद्रा तट के पास चलाया गया। ATS गुजरात से मिली खुफिया सूचना के आधार पर भारतीय तटरक्षक बल की इंटरसेप्टर बोट्स ने समुद्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान मुंद्रा एंकरज क्षेत्र में खड़े कंटेनर जहाज ‘एमवी यूरोप’ पर संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। बताया गया कि जहाज से कुछ बैग समुद्र में फेंके जा रहे थे।

इसके बाद ICG और ATS की संयुक्त टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रात के अंधेरे तथा बेहद कम दृश्यता के बावजूद समुद्र से पांच संदिग्ध बैग बरामद कर लिए। जांच में इन बैगों से सफेद पाउडर के 115 पैकेट मिले, जिनकी जांच कराने पर कोकीन होने की पुष्टि हुई। प्रत्येक पैकेट का वजन करीब एक किलो बताया गया है।

वहीं कार्रवाई के बाद संदिग्ध कंटेनर जहाज को आगे की जांच के लिए पोर्ट पर लाया गया है। मामले में भारतीय तटरक्षक बल, ATS गुजरात और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार पिछले पांच वर्षों में ICG और ATS गुजरात की यह 15वीं सफल संयुक्त एंटी-नारकोटिक्स कार्रवाई है, जो समुद्री सुरक्षा और ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के प्रति एजेंसियों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 24 to 30 May 2026
Bhopal- 17 to 23 May 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन