Friday, October 30, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsइंदौर के मारोठिया बाजार में आधी रात को भड़की आग, तीन मंजिला...

इंदौर के मारोठिया बाजार में आधी रात को भड़की आग, तीन मंजिला दुकान खाक, लाखों का नुकसान

इंदौर: शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक मारोठिया बाजार में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। पूजन सामग्री की तीन मंजिला दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते दूसरी मंजिल को भी चपेट में ले लिया। रात करीब 1 बजे राम गोपाल कन्हैयालाल नाम की दुकान से धुआं उठता देख लोगों ने फायर ब्रिगेड और सराफा पुलिस को सूचना दी। दुकान संचालक बंटी शर्मा बताए जा रहे हैं। आग लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

दुकान में रखा था त्योहारी सीजन का लाखों का स्टॉक

दुकान संचालक बंटी शर्मा ने बताया कि दीपावली को देखते हुए दुकान में लाखों रुपये की पूजन सामग्री, अगरबत्ती, किराना सामान का स्टॉक रखा था। आग में सारा सामान जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड के मुताबिक आग लगने की वजह प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

आसपास के दुकानदारों ने बताया कि पहले धुआं उठा, फिर देखते ही देखते आग की लपटें बाहर आने लगीं। सूचना पर सराफा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

यह भी पढ़ें: एमपी में चक्रवात अर्नब का असर: तापमान गिरा, 33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

संकरे बाजार में बड़ा हादसा टला

मारोठिया बाजार शहर का सबसे घना व्यापारिक क्षेत्र है। यहां दुकानें एक-दूसरे से सटी हैं। ऐसे में आग के फैलने से बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन दमकलकर्मियों की तत्परता से आसपास की दुकानों को बचा लिया गया।

इधर, इसी रात छोटी ग्वालटोली में नेशनल गैस की दुकान में भी आग लग गई। दुकान मालिक योगेंद्र को पड़ोसियों ने फोन पर सूचना दी। दुकान में रखे गैस के छोटे सिलेंडर और उपकरण जल गए। एक फायर टैंक पानी डालने के बाद आग बुझाई गई।

दोनों ही घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

25 to 31 October 2026
18 to 24 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन