Thursday, November 5, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsइंदौर को आज मिलेगी मेट्रो की नई सौगात, गांधी नगर से रेडिसन...

इंदौर को आज मिलेगी मेट्रो की नई सौगात, गांधी नगर से रेडिसन तक दौड़ेगी ट्रेन

इंदौर: इंदौर के लिए आज का दिन खास है।शहरवासियों के लिए मेट्रो की यात्री सेवा का विस्तार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर शनिवार(5 सितंबर) को विजय नगर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शाम 4 बजे मेट्रो की विस्तारित सेवा का शुभारंभ करेंगे।

शुभारंभ के बाद 6 सितंबर से आम यात्रियों के लिए गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहा यानी रेडिसन होटल चौराहे तक मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही इंदौर में मेट्रो का संचालन करीब 17.5 किलोमीटर के रूट पर होने लगेगा।

हर 15 मिनट में मिलेगी मेट्रो

नए रूट पर यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो ट्रेन मिलेगी। मेट्रो रोजाना 80 से ज्यादा फेरे लगाएगी। ट्रेन का संचालन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक किया जाएगा।

दोनों छोर से पहली ट्रेन सुबह 9 बजे रवाना होगी, जबकि आखिरी ट्रेन शाम 7 बजे तक चलेगी। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

16 स्टेशनों से होकर गुजरेगी मेट्रो

गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक करीब 17.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर पर कुल 16 स्टेशन हैं। यह मेट्रो रूट गांधी नगर से शुरू होकर सुपर कॉरिडोर, एमआर-10, आईएसबीटी, चंद्रगुप्त मौर्य प्रतिमा, हीरा नगर, बापट चौराहा, मेघदूत गार्डन और विजय नगर सहित प्रमुख क्षेत्रों से होकर रेडिसन चौराहे तक पहुंचेगा।

फिलहाल गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर-3 तक करीब 6.3 किलोमीटर हिस्से में यात्री मेट्रो सेवा का इस्तेमाल कर रहे हैं। नए हिस्से के शुरू होने के बाद इंदौर का मेट्रो नेटवर्क करीब तीन गुना बढ़ जाएगा।

पूरी तरह एसी होगी मेट्रो ट्रेन

इंदौर मेट्रो की ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित होगी। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्टेशनों पर CCTV कैमरे, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, एस्केलेटर और लिफ्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
दिव्यांग यात्रियों के लिए भी स्टेशनों पर जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि उन्हें मेट्रो में सफर करने में परेशानी न हो।

मोबाइल से ले सकेंगे डिजिटल टिकट

यात्री एमपीएमआरसीएल के मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल टिकट भी ले सकेंगे। टिकट और अन्य भुगतान के लिए UPI, QR कोड सहित डिजिटल पेमेंट के विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा।

यात्रियों को आकर्षित करने के लिए कुछ प्रमोशनल ऑफर भी दिए जाएंगे। जिसमें रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके अलावा मोबाइल ऐप के ई-वॉलेट को रिचार्ज करने पर राशि के अनुसार बोनस भी दिया जाएगा।

2019 में शुरू हुआ था मेट्रो का काम

इंदौर मेट्रो प्रोजेक्ट के शुरुआती कॉरिडोर के निर्माण की नींव 14 सितंबर 2019 को रखी गई थी। सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर सितंबर 2023 में पहला ट्रायल रन हुआ था। इसके बाद गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर-3 तक करीब 6.3 किलोमीटर हिस्से में यात्री सेवा की शुरुआत 31 मई 2025 को हुई थी।

गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक पूरे रूट का ट्रायल अक्टूबर 2025 में किया गया। इसके बाद 27 मार्च 2026 को इस हिस्से में मेट्रो संचालन के लिए सीएमआरएस से अनुमति मिल गई थी।

खजराना और एयरपोर्ट तक भी बढ़ेगी मेट्रो

इंदौर मेट्रो को आगे खजराना और एयरपोर्ट तक ले जाने की तैयारी भी जारी है। रेडिसन चौराहे से खजराना चौराहे तक मेट्रो का काम चल रहा है। वहीं एयरपोर्ट की ओर अंडरग्राउंड मेट्रो के लिए खुदाई का काम शुरू हो चुका है। खजराना चौराहे के पास से भी अंडरग्राउंड हिस्से के लिए खुदाई शुरू की जाएगी।

मेट्रो के इस विस्तार से इंदौर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलने के साथ ही शहर के प्रमुख इलाकों के बीच सफर आसान और तेज होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन