चंडीगढ़: आमतौर पर लंगर का नाम सुनते ही खाने-पीने की चीजें याद आती हैं, लेकिन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Raja D King ने अब ‘iPhone का लंगर’ लगाने का ऐलान किया है। Raja D King के नाम से मशहूर राकेश त्रेहान का कहना है कि इस मुहिम के तहत लोगों को मुफ्त में iPhone 17 दिए जाएंगे।
22 सितंबर को मिलेंगे 10 iPhone
राकेश त्रेहान के मुताबिक, इस मुहिम का पहला चरण 22 सितंबर को होगा। इसमें चंडीगढ़ और मोहाली के लोगों के बीच 10 iPhone 17 बांटने की योजना है। विजेताओं का चुनाव Lucky Draw के जरिए किया जाएगा। उनका कहना है कि ड्रॉ लाइव और लोगों के सामने होगा।
इसके बाद पंजाब के अन्य शहरों को भी इस अभियान में शामिल करने की तैयारी है। त्रेहान के अनुसार, कुल 12 शहरों तक इसे ले जाने की योजना है। 5 अक्टूबर को अगले चरण की जानकारी दी जाएगी।
शुरुआत में iPhone 16 और iPhone 17 दोनों देने की योजना थी, लेकिन बाद में केवल iPhone 17 देने का फैसला किया गया।
iPhone पाने के लिए रखी खास शर्त
मुफ्त iPhone की इस मुहिम के साथ एक अलग शर्त भी जोड़ी गई है। त्रेहान के मुताबिक, संबंधित ग्रुप में शामिल सदस्य को फोन मिलने तक रोज कम से कम एक बार ‘जय माता दी’ लिखना होगा। अगर कोई सदस्य एक दिन ऐसा करना भूल जाता है, तो उसे अगले दिन दो बार लिखना होगा। शर्त पूरी नहीं करने वाले व्यक्ति को सूची से बाहर करने की बात कही गई है।
यह भी पढ़े : FCRA संशोधन बिल पर आज से मंथन, JPC की पहली बैठक में गृह मंत्रालय देगा जानकारी
पहले सोने के सिक्के और पेट्रोल को लेकर रहे चर्चा में
त्रेहान इससे पहले भी अपने अलग-अलग कार्यक्रमों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। उन्होंने दावा किया है कि अमृतसर में हुए एक कार्यक्रम में 3,000 से ज्यादा लोग पहुंचे थे और वहां 484 सोने के सिक्के बांटे गए थे।
इससे पहले चंडीगढ़ में उन्होंने ‘पेट्रोल लंगर’ का भी ऐलान किया था। बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंप पर पहुंच गए थे, जिससे भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया। पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा और कार्यक्रम उस दिन नहीं हो सका। बाद में त्रेहान ने इसे रद्द करने के बजाय आगे के लिए टालने की बात कही थी।

