अबू धाबी; इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की मिनी नीलामी मंगलवार को अबू धाबी के एतिहाद एरिना में संपन्न हुई। इस रोमांचक इवेंट में 10 फ्रेंचाइजियों ने कुल 215.45 करोड़ रुपये खर्च कर 77 खिलाड़ी खरीदे, जिसमें 29 विदेशी और बाकी भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। सभी उपलब्ध स्लॉट भर गए, और टीमें अब आईपीएल 2026 के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
हाइलाइट
नीलामी की सबसे बड़ी हाइलाइट रही ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन की खरीदारी। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 25.20 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा, जो किसी विदेशी खिलाड़ी के लिए आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली है। इससे पहले यह रिकॉर्ड मिचेल स्टार्क (24.75 करोड़) के नाम था। KKR ने चेन्नई सुपर किंग्स के साथ लंबी बोली युद्ध के बाद ग्रीन को हासिल किया।
वही दूसरी तरफ बड़ा सौदा KKR का रहा, उन्होंने श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को 18 करोड़ रुपये में खरीदा। यह किसी श्रीलंकाई खिलाड़ी के लिए अब तक की सबसे बड़ी रकम है। सनराइजर्स हैदराबाद ने इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन को 13 करोड़ रुपये में अपने स्क्वॉड में शामिल किया।
आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी
अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों ने भी सबको चौंका दिया। चेन्नई सुपर किंग्स ने युवा प्रतिभाओं पर भारी निवेश किया और उत्तर प्रदेश के स्पिन ऑलराउंडर प्रशांत वीर तथा राजस्थान के विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को 14.20 करोड़ रुपये प्रत्येक में खरीदा। दोनों खिलाड़ी संयुक्त रूप से आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए।


