Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभाजपा की मजबूरी, अब अपराधी ज़रूरी? बालाघाट युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की रेस...

भाजपा की मजबूरी, अब अपराधी ज़रूरी? बालाघाट युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की रेस में अपराधियों की भरमार!

बालाघाट: सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में अपराधियों या आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को पद देने के मामले अक्सर राजनीतिक विवादों और विपक्षी दलों के हमलों का केंद्र रहे हैं। कांग्रेस सहित विपक्षी दल लगातार भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते रहे हैं कि उनकी पार्टी में दागी, गुंडे और गंभीर मामलों के आरोपियों को संरक्षण दिया जाता है।  ऐसे आरोपों को सच साबित करते हुए भाजपा स्वयं भी कई आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को पद देने में लगी हुई है। ऐसे में भाजपा खुद को दूसरे राजनीतिक दलों से अलग और ईमानदार पार्टी होने का तमगा कैसे दे सकती है? ताज़ा मामला मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर सामने आया है।

जहाँ जानकारी मिल रही है कि भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की रेस में कई आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोग शामिल हैं और पार्टी के अंदरखाने से आरोप लगाए जा रहे हैं कि जिस तरह से देश में भाजपा का कद बढ़ रहा है और कर्मठ, निष्ठावान तथा ईमानदार कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है, उससे यह लगता है कि भाजपा के लिए आपराधिक पृष्ठभूमि वाले नेता ज़रूरी हैं। तभी तो आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति के भाई एवं बालाघाट भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कांवरे का संरक्षण प्राप्त होने के कारण अब उनके शागिर्द, बालाघाट निवासी अमन गांधी का नाम भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की रेस में सबसे आगे बताया जा रहा है। आरोप है कि अमन गांधी भी आपराधिक पृष्ठभूमि वाला युवा नेता है, जिसके खिलाफ बालाघाट पुलिस में आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं।

बालाघाट थाने में दर्ज अपराध

भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की रेस में शामिल अमन गांधी और उनके परिवार के लोगों पर वार्ड नं. 21, बालाघाट निवासी लोकेश छाबड़ा की शिकायत पर बालाघाट पुलिस द्वारा अमन गांधी, कुलदीप गांधी और अभिषेक गांधी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0494/2024, दिनांक 30/10/2024 को मामला दर्ज किया गया है। उक्त प्रकरण में अमन गांधी व उनके परिवार के लोगों पर लोकेश छाबड़ा के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के संबंध में बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

बड़े नेताओं का अपराधियों को साथ

वैसे तो नेताओं का अपराधियों के साथ गठजोड़ काफी पुराना माना जाता है। आरोप लगाए जाते रहे हैं कि नेता अपने अनैतिक कार्यों के लिए किसी न किसी अपराधी का संरक्षण करते हैं। अब आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि सीधे आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोग राजनीति में आने लगे हैं। इसी क्रम में दावा किया जा रहा है कि भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की रेस में शामिल अमन गांधी को बालाघाट-सिवनी सांसद भारती पारधी तथा मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कांवरे का संरक्षण प्राप्त है। वहीं, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सोहागपुरे, जिन पर बलात्कार का मामला दर्ज होने का उल्लेख किया गया है, उनके भी अमन गांधी के साथ होने और उन्हें जिलाध्यक्ष पद दिलाने की पैरवी करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

विवादों से घिरा अमन गांधी का परिवार

भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की रेस में शामिल अमन गांधी और उनके परिवार के लोग कई आरोपों से घिरे हुए हैं। नगरपालिका परिषद, बालाघाट द्वारा अमन गांधी के पिता कुलदीप गांधी को मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना (भाग-3) के अंतर्गत हनुमान चौक से रेलवे स्टेशन तक सीसी सड़क एवं डिवाइडर निर्माण का कार्य दिया गया था। आरोप है कि उक्त कार्य गुणवत्ता-विहीन एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया गया, जिसमें कई तकनीकी खामियां भी पाई गईं। इन्हें सुधारने के लिए कई बार निर्देश दिए गए, किन्तु कार्य में सुधार नहीं किए जाने के फलस्वरूप उन्हें ब्लैकलिस्ट किए जाने की कार्रवाई की जानकारी मिल रही है।

नए राम मंदिर की भूमि हड़पने की कोशिश के आरोप

भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की रेस में शामिल अमन गांधी के पिता कुलदीप गांधी पर आरोप है कि उन्होंने षड्यंत्रपूर्वक बालाघाट शहर के सर्किट हाउस परिसर में निर्मित नए राम मंदिर की भूमि, जिसका वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 120 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, पर कब्जा करने अथवा उसे हड़पने की कोशिश की।

इस संबंध में राज्यपाल द्वारा जारी आदेश के परिपालन में समिति के जीवित तीन संस्थापक सदस्यों को दिनांक 17/03/2026 को समिति की साधारण सभा (मध्यप्रदेश सोसाइटी रजिस्ट्रीकरण अधिनियम, 1973 की पंजीयन नियमावली की धारा 10 के अंतर्गत साधारण सम्मिलन) आयोजित कर अधिनियम की नियमावली की धारा 12 (प्रबंधकारिणी समिति का गठन, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव एवं 2 सदस्यों का निर्वाचन) बहुमत के आधार पर कराना था।

किन्तु ऐसा न कराते हुए श्री राम मंदिर की संपत्ति एवं उसकी समिति के पंजीयन को सुरक्षित रखने संबंधी राज्यपाल के आदेश दिनांक 06/02/2026 को निरस्त किए जाने की प्रार्थना करते हुए कुलदीप गांधी एवं किशनलाल बत्रा ने पृथक-पृथक याचिकाएं, क्रमशः WP 6978/2026 एवं WP 10290/2026, उच्च न्यायालय, जबलपुर में प्रस्तुत की हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन