मुंबई: सुपरस्टार रजनीकांत एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपना दम दिखाने के लिए तैयार हैं। उनकी आने वाली फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है। भारत के साथ विदेशों में भी फिल्म का क्रेज देखने को मिल रहा है। खासतौर पर अमेरिका में शुरू हुई एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़ों ने फिल्म को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
दो दिन में करीब 1.65 लाख डॉलर की बुकिंग
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में ‘जेलर 2’ के प्रीमियर शोज की एडवांस बुकिंग शुरू होने के महज दो दिनों के भीतर करीब 1.65 लाख डॉलर के टिकट बिक चुके हैं। भारतीय रुपये में यह रकम करीब 1.4 से 1.5 करोड़ रुपये के आसपास बैठती है।
फिल्म के तेलुगु वर्जन को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की बात सामने आ रही है। अभी रिलीज में समय बाकी है, ऐसे में आने वाले दिनों में एडवांस बुकिंग के आंकड़े और बढ़ सकते हैं।
शुरुआत में सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी थी कि ‘जेलर 2’ को पहली फिल्म जैसा माहौल नहीं मिल रहा है। खासकर इसके म्यूजिक को लेकर तुलना की जा रही थी। हालांकि अमेरिका से आ रहे शुरुआती बुकिंग आंकड़े बता रहे हैं कि रजनीकांत को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
‘जेलर 2’ को 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना है। फिल्म का निर्देशन एक बार फिर नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है, जबकि म्यूजिक अनिरुद्ध रविचंदर का है। इसे सन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया गया है।
फिल्म में रजनीकांत के साथ कई बड़े कलाकार दिखाई देने वाले हैं। इस बार कहानी और एक्शन को पहले पार्ट से बड़े स्तर पर पेश किए जाने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: मुश्किल में यात्रियों के लिए ढाल बने कैप्टन स्मित माछर, SRK ने लिखा – आप पर गर्व है
पहले पार्ट ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया था धमाल
‘जेलर’ साल 2023 में रिलीज हुई थी और फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। रजनीकांत का अंदाज, एक्शन और अनिरुद्ध का बैकग्राउंड म्यूजिक फिल्म की बड़ी खासियत बने थे। फिल्म ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 600 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था।
अब सभी की नजर ‘जेलर 2’ पर है। अमेरिका में एडवांस बुकिंग की अच्छी शुरुआत के बाद देखना होगा कि रिलीज के करीब आते-आते फिल्म कितनी बड़ी प्री-सेल दर्ज करती है और क्या यह पहले ‘जेलर’ की बॉक्स ऑफिस सफलता को आगे बढ़ा पाती है।

