Tuesday, November 10, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsCISF जवान ने साथियों पर की फायरिंग, असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 की...

CISF जवान ने साथियों पर की फायरिंग, असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 की मौत

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली क्षेत्र में मंगलवार शाम केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान ने कथित तौर पर अपने ही साथियों पर गोलीबारी कर दी। घटना में एक असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार CISF जवानों की मौत हो गई। गोलीबारी सेवा हाइडल पावर प्रोजेक्ट के परिसर में हुई। घटना के बाद आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस तथा CISF ने जांच शुरू कर दी है।

सेवा पावर प्रोजेक्ट में हुई फायरिंग

अधिकारियों के मुताबिक घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे कठुआ के बसोहली क्षेत्र के मश्का गांव स्थित सेवा हाइडल प्रोजेक्ट में हुई। यह इलाका हिमाचल प्रदेश की सीमा के करीब है। CISF के जवान यहां पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा में तैनात थे। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से गोलीबारी कर दी। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

चार जवानों ने अस्पताल में तोड़ा दम

गोलीबारी में चार CISF जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए हिमाचल प्रदेश स्थित नजदीकी NHPC अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान सभी की मौत हो गई। मृतकों में असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल संजीव कुमार और कांस्टेबल मोहम्मद रफीक शामिल हैं।

आरोपी हेड कांस्टेबल गिरफ्तार

प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक गोलीबारी करने वाले CISF हेड कांस्टेबल की पहचान अवधेश कुमार सिंह/अभिदेश कुमार के रूप में सामने आई है। घटना के बाद उसे काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसकी सर्विस राइफल भी जांच के लिए जब्त की गई है।

घटना की जांच शुरू

पुलिस और CISF की ओर से घटना की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी के पीछे क्या वजह थी और विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। घटना को CISF कर्मियों के बीच हुई फायरिंग के मामले के तौर पर देखा जा रहा है।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन