Wednesday, November 25, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsइंदौर-भोपाल में तोड़फोड़ पर CM को जीतू पटवारी का पत्र, पीड़ितों को...

इंदौर-भोपाल में तोड़फोड़ पर CM को जीतू पटवारी का पत्र, पीड़ितों को राहत और भू-माफिया की जांच की मांग

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर इंदौर और भोपाल में हुई मकानों की तोड़फोड़ पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, सुरक्षित आवास, उचित मुआवजा और पुनर्वास देने के साथ भू-माफिया और अवैध कॉलोनियों के मामलों की स्वतंत्र व उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

क्या आम आदमी ही चुकाएगा व्यवस्था की कीमत

पटवारी ने पत्र में लिखा कि भाजपा पिछले 25 वर्षों से प्रदेश में सत्ता में है। जनता ने विकास, सुरक्षित आवास और सुशासन की जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन इंदौर और भोपाल की घटनाओं ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या जमीन खरीदकर मकान बनाने वाला आम नागरिक ही सरकारी व्यवस्था की विफलता की कीमत चुकाएगा। उन्होंने कहा कि वे कुछ सुझाव दे रहे हैं ताकि बेघर परिवारों को राहत मिले और भविष्य में किसी नागरिक के साथ ऐसी त्रासदी न हो।

राहत के लिए ये सुझाव दिए

पटवारी ने मांग की कि इंदौर-भोपाल सहित प्रदेश में तोड़फोड़ से प्रभावित सभी परिवारों का जिला स्तर पर सर्वे कराकर नुकसान, परिवारों की संख्या, बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग सदस्यों का विवरण सार्वजनिक किया जाए। प्रभावितों को तत्काल सुरक्षित आवास दिया जाए और पुनर्वास तक बाजार दर के अनुसार किराया सहायता मिले।

जिन परिवारों पर बैंक ऋण है, उनके लिए बैंकों से समन्वय कर किस्तों में राहत, पुनर्गठन और ब्याज में विशेष सहायता की व्यवस्था हो। मकान टूटने के बाद भी कर्ज का बोझ परिवारों को आर्थिक विनाश की ओर धकेल रहा है। मकान, दुकान, सामान और आजीविका के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए। जिन लोगों ने रजिस्ट्री, बैंक ऋण, संपत्ति कर, बिजली और जलकर के दस्तावेजों के आधार पर मकान बनाए, उनके मामलों की विशेष समीक्षा हो।

भू-माफिया की जांच और जवाबदेही तय हो

पटवारी ने पिछले 25 वर्षों में बनी अवैध कॉलोनियों, जमीन की खरीद-बिक्री, कॉलोनाइजरों, भूमि विवादों, भवन अनुमतियों और अधिकारियों की भूमिका की समयबद्ध, स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी सभी कॉलोनियों की सूची सार्वजनिक हो, जहां लोग मकान बना चुके हैं लेकिन भूमि स्वामित्व और अनुमति को लेकर विवाद है। कार्रवाई से पहले लोगों को स्पष्ट सूचना, कानूनी सहायता और समाधान का अवसर मिले।

उन्होंने कहा कि मकान तोड़ने से पहले मानवीय और सामाजिक प्रभाव का आकलन अनिवार्य हो। वैकल्पिक आवास, बच्चों की शिक्षा, रोजगार और बुजुर्गों की सुरक्षा का आकलन किए बिना बेदखली न हो। भू-माफिया और अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ स्पष्ट प्रोटोकॉल बने और जमीन बेचने वालों, अनुमति देने वाले अधिकारियों और संरक्षण देने वालों की जवाबदेही तय हो। इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय की निगरानी में प्रदेश स्तरीय आवास एवं भूमि विवाद राहत प्रकोष्ठ बने।

कृष्णबाग और जनता क्वार्टर की पीड़ा

पटवारी ने लिखा कि इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में चली मशीनों ने सिर्फ दीवारें नहीं तोड़ीं, बल्कि परिवारों की दशकों की मेहनत, जमा पूंजी और सपनों को मलबा बना दिया। वहां कई लोगों के पास रजिस्ट्री थी, कई संपत्ति कर देते थे और कई के मकानों पर बैंक कर्ज था।

भोपाल के छेराखाना स्थित जनता क्वार्टर में 600 में से 599 मकान तोड़ दिए गए। यह क्षेत्र करीब 3,000 लोगों का निवास था। मकान जर्जर बताकर पुनर्विकास की योजना रखी गई, लेकिन विस्थापन के समय किराया सहायता और पुनर्वास को लेकर लोगों की चिंता बनी रही।

यह भी पढ़ें: रतलाम में बेटी की लव मैरिज से नाराज पिता ने किया पिंडदान, 200 लोगों को भोज दिया

जब जमीन बेची जा रही थी, तब प्रशासन कहां था

पटवारी ने कहा कि पीड़ित परिवारों के सामने आज कई संकट हैं। सिर से छत छिन गई है, जमा पूंजी मलबे में बदल गई, बैंक का कर्ज अब भी बाकी है और घर से चलने वाले छोटे काम-धंधे उजड़ गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जमीन बेची जा रही थी, तब प्रशासन कहां था। जब रजिस्ट्री हो रही थी, तब व्यवस्था कहां थी। जब मकान बन रहे थे, तब विभागों की निगरानी कहां थी। जब बैंक ऋण दे रहे थे और संस्थाएं कर वसूल रही थीं, तब जमीन की वैधता की जिम्मेदारी किसकी थी।

उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व अवैध व्यवस्था को खत्म करना है, उस व्यवस्था के शिकार नागरिकों को सजा देना नहीं। शहर का विकास नागरिकों को उजाड़कर नहीं, उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देकर मापा जाना चाहिए।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन