नई दिल्ली: भारतीय कंपनियों में कामकाज का तरीका तेजी से बदलने वाला है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब केवल कर्मचारियों की मदद करने वाला टूल नहीं रहेगा, बल्कि एआई एजेंट्स के जरिए दफ्तरों के कई नियमित काम भी संभालेगा। केपीएमजी इंडिया और भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की संयुक्त रिपोर्ट के मुताबिक, देश के 93 प्रतिशत बिजनेस लीडर्स अपनी वर्कफोर्स की क्षमता बढ़ाने के लिए एआई एजेंट्स अपनाने की योजना बना रहे हैं। वहीं, 59 प्रतिशत कंपनियों ने इसका इस्तेमाल शुरू भी कर दिया है।
कंपनियों की ग्रोथ के लिए AI की समझ जरूरी
रिपोर्ट के अनुसार, 74 प्रतिशत सीईओ का मानना है कि अगले तीन वर्षों में कंपनियों की तरक्की इस बात पर निर्भर करेगी कि उनके कर्मचारी एआई तकनीक के लिए कितने तैयार हैं। कंपनियां अपने वर्कफ्लो और बिजनेस प्रोसेस को ऑटोमेट करने के लिए एआई एजेंट्स का इस्तेमाल बढ़ा रही हैं। इससे डेटा जुटाने, दस्तावेजों के शुरुआती ड्राफ्ट तैयार करने, बड़ी जानकारी का सार निकालने और सामान्य विश्लेषण जैसे काम तेजी से हो सकेंगे।
नौकरी नहीं, काम करने का तरीका बदलेगा
एआई के बढ़ते इस्तेमाल से नौकरियों पर खतरे की आशंका के बीच रिपोर्ट बताती है कि सबसे पहले काम करने का तरीका और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां बदलेंगी। रूटीन काम एआई संभालेगा, जबकि कर्मचारियों को समस्याओं की पहचान, डेटा का विश्लेषण, एआई के नतीजों की जांच और कारोबारी फैसले लेने पर अधिक ध्यान देना होगा।
इस बदलाव के साथ तकनीकी जानकारी के अलावा मानवीय समझ, निर्णय लेने की क्षमता और समस्या सुलझाने जैसे कौशल भी महत्वपूर्ण हो जाएंगे।
2030 तक 59% कर्मचारियों को ट्रेनिंग की जरूरत
रिपोर्ट में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की ‘फ्यूचर ऑफ जॉब्स रिपोर्ट 2025’ का हवाला देते हुए बताया गया है कि 2030 तक कर्मचारियों के 39 प्रतिशत मौजूदा कौशल बदल जाएंगे। हर 100 में से 59 कर्मचारियों को नई ट्रेनिंग की जरूरत होगी। वहीं, 63 प्रतिशत नियोक्ताओं ने स्किल्स की कमी को कारोबार में बदलाव की सबसे बड़ी बाधा बताया है।
कंपनियां कर्मचारियों को देंगी नई ट्रेनिंग
बदलती जरूरतों को देखते हुए कंपनियां अपने कर्मचारियों को नए कौशल सिखाने की तैयारी कर रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक:
85 प्रतिशत कंपनियां 2030 तक मौजूदा कर्मचारियों की स्किल्स बेहतर बनाने पर ध्यान देंगी।
70 प्रतिशत कंपनियां नए कौशल वाले कर्मचारियों की भर्ती करेंगी।
50 प्रतिशत कंपनियां घटती मांग वाले पदों से कर्मचारियों को उन क्षेत्रों में भेजेंगी, जहां काम के अवसर बढ़ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: इंदौर में नेता प्रतिपक्ष ने निगम कर्मचारी को जड़ा थप्पड़, जब्त सामान भी गाड़ी से निकलवाया
डिग्री से ज्यादा कौशल को मिलेगी प्राथमिकता
रिपोर्ट में स्किल-बेस्ड हायरिंग यानी डिग्री के बजाय काम से जुड़े कौशल के आधार पर भर्ती करने पर भी जोर दिया गया है। ऐसा करने से सामान्य पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का दायरा 6.1 गुना और एआई से जुड़ी नौकरियों के लिए 8.2 गुना तक बढ़ सकता है।
रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि आने वाले वर्षों में नौकरी के बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। कर्मचारियों के लिए केवल डिग्री या पुराने अनुभव के भरोसे आगे बढ़ना मुश्किल हो सकता है। एआई की समझ, नई तकनीक सीखने और बदलती जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार रखने की क्षमता रोजगार के लिहाज से अहम होगी।

