Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Homeमध्य प्रदेशन्याय अब एक कॉल की दूरी पर: महिला आयोग ने टोल-फ्री हेल्पलाइन...

न्याय अब एक कॉल की दूरी पर: महिला आयोग ने टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-233-6112 शुरू की

भोपाल। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए महिलाओं के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-233-6112 शुरू की है। अब प्रदेश की महिलाएं एक फोन कॉल के माध्यम से अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव सीधे आयोग तक पहुंचा सकेंगी।
भोपाल स्थित राज्य महिला आयोग कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव, सदस्य साधना स्थापक तथा सचिव सुरेश तोमर ने हेल्पलाइन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
आयोग अध्यक्ष रेखा यादव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को न्याय और सहायता तक सरल एवं त्वरित पहुंच उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि यह हेल्पलाइन महिलाओं और आयोग के बीच सीधा संवाद स्थापित करेगी, जिससे उनकी समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। विशेष रूप से यह सुविधा उन महिलाओं के लिए लाभकारी होगी, जो किसी कारणवश सीधे आयोग तक नहीं पहुंच पाती हैं।
सदस्य साधना स्थापक ने कहा कि आयोग का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और न्यायपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, गंभीरता और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा, ताकि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र राहत मिल सके।
आयोग के सचिव सुरेश तोमर ने बताया कि यह हेल्पलाइन शिकायत पंजीयन, मार्गदर्शन, परामर्श और मामलों के फॉलोअप का प्रभावी माध्यम बनेगी। इससे शिकायत निवारण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुलभ होगी।
महिला आयोग ने प्रदेश की सभी महिलाओं से अपील की है कि आवश्यकता पड़ने पर वे निःसंकोच टोल-फ्री नंबर 1800-233-6112 पर संपर्क कर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।
RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन