इंदौर: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बुधवार को इंदौर में वृद्धजनों और दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे। बच्चों ने उन्हें राखी बांधी, जिसके बाद मंत्री ने उनके साथ अंताक्षरी खेली और काफी समय बिताया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सड़क, शक्कर की कीमत, ग्रीन एनर्जी और अमेरिका के वीजा प्रतिबंध समेत कई मुद्दों पर बेबाक अंदाज में जवाब दिए।
शक्कर की कीमत पर बोले- और महंगी हो जाए
शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर सवाल पूछे जाने पर विजयवर्गीय ने कहा कि कीमत पहले 70 रुपये थी, अब 60 रुपये है और आगे और कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आजकल करीब 90 प्रतिशत लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते। अपने उदाहरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे खुद भी मीठा नहीं खाते।
ये भी पढ़े महाकाल मंदिर में कांवड़ियों का हंगामा, बैरिकेडिंग तोड़ गर्भगृह में घुसने की कोशिश
इसी दौरान उन्होंने हंसते हुए कहा,’मैं तो चाहता हूं कि शक्कर खूब महंगी हो जाए।’ हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि बच्चों के लिए शक्कर नियंत्रित कीमत पर सस्ती मिलनी चाहिए। शक्कर की कीमत को लेकर उनका यह बयान चर्चा में आ गया है।
कांग्रेस के सड़क प्रदर्शन पर साधा निशाना
कांग्रेस के सड़क की खराब स्थिति को लेकर किए गए प्रदर्शन पर विजयवर्गीय ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि इंदौर में बहुत अच्छी सड़कें बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के सामने वाली सड़क पर जाकर लोट लगाएं, अगर वह सड़क खराब है तो उसे भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो सड़कें अच्छी हैं, उनका आनंद लेना चाहिए।
ग्रीन एनर्जी पर पीएम मोदी के प्रयास गिनाए
पर्यावरण और ग्रीन एनर्जी के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि दुनिया के बड़े देशों की बैठकों में पर्यावरण प्रमुख विषय रहता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन एनर्जी के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में सोलर पावर समेत कई ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है। कार्यक्रम में उन्होंने पौधारोपण भी किया।
ट्रंप को बताया ‘फूफा’
अमेरिका की ओर से भारतीयों के वीजा पर रोक से जुड़े सवाल पर विजयवर्गीय ने मजाकिया अंदाज में कहा कि “हमारे ट्रंप फूफा हैं, वे सुबह क्या करेंगे और शाम को क्या करेंगे, किसी को मालूम नहीं है।” उन्होंने कहा कि ऐसे में वे इस मामले पर कोई जवाब नहीं देंगे।
सिंगरौली विधायक की गाड़ी दमकल वाहन से धुलवाने के मामले पर पूछे गए सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। कार्यक्रम के दौरान उनका अंदाज सहज और बेबाक नजर आया।

