उज्जैन: मध्य प्रदेश में 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सात दिवसीय समारोह 21 से 27 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंत्रालय में समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक की और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की। मुख्यमंत्री समारोह की केंद्रीय समिति के अध्यक्ष भी हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बार समारोह में कला और साहित्य के साथ युवाओं की भागीदारी भी बढ़ाई जाए। प्रदेश के प्रसिद्ध गीतकारों और साहित्यकारों की स्मृतियों से जुड़ी गतिविधियां भी कार्यक्रम का हिस्सा बनें।
प्रदेश के साहित्यकारों को किया जाएगा याद
मुख्यमंत्री ने कहा, कि समारोह की गतिविधियों को कवि प्रदीप, कृष्ण सरल, शिवमंगल सिंह सुमन और शरद जोशी जैसे प्रदेश के प्रसिद्ध साहित्यकारों और रचनाकारों की स्मृतियों से जोड़ा जाए।
इसके साथ ही नाट्य विधा से जुड़े वरिष्ठ कलाकारों और निर्देशकों को अपनी कला दिखाने के ज्यादा अवसर देने की बात कही गई है। ऑनलाइन और ऑफलाइन कला प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं को भी समारोह से जोड़ने की तैयारी है।
समारोह में क्षेत्रीय बोलियों और भाषाओं के प्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ पुलिस बैंड की प्रस्तुति भी रखने के निर्देश दिए गए हैं। संगीत विद्यालयों और विश्वविद्यालयों को भी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। एकात्मधाम ओंकारेश्वर को भी समारोह की गतिविधियों का हिस्सा बनाने की योजना है।
20 नवंबर को मंगल कलश यात्रा से शुरुआत
मुख्य समारोह भले ही 21 नवंबर से शुरू होगा, लेकिन इससे एक दिन पहले 20 नवंबर को ‘पूर्व रंग’ के तहत मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी और नांदी सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी।
21 नवंबर को समारोह के शुभारंभ के साथ राष्ट्रीय चित्र एवं मूर्तिकला प्रदर्शनी शुरू होगी। इस दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम और शास्त्रीय वादन की प्रस्तुति भी रखी गई है।
यह भी पढ़ें: महाकाल के भक्तों को बड़ी सौगात: अब हर श्रद्धालु को मिलेगा बाबा महाकाल का निःशुल्क प्रसाद
सात दिनों तक होंगे अलग-अलग कार्यक्रम
22 नवंबर को राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी और पंडित सूर्यनारायण व्यास स्मृति व्याख्यान होगा। 23 नवंबर को महाकवि कालिदास स्मृति व्याख्यान और 24 नवंबर को पद्मश्री वाकणकर स्मृति व्याख्यान के साथ संस्कृत नाटकों का मंचन किया जाएगा।
25 नवंबर को संस्कृत कवि समवाय: और हिंदी नाटक की प्रस्तुति होगी। 26 नवंबर को संत समागम रखा गया है। आखिरी दिन 27 नवंबर को सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ पुरस्कार वितरण होगा और समारोह का समापन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सभी कार्यक्रमों के लिए जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा है। इस बार कोशिश है कि कालिदास समारोह केवल कला और साहित्य तक सीमित न रहे, बल्कि नई पीढ़ी को भी प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़े।

