मुंबई: ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के मंच पर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से पहुंचीं कपिला तनेजा की कहानी ने माहौल भावुक कर दिया। अमिताभ बच्चन के सामने कपिला ने अपनी शादी, ससुराल में कथित प्रताड़ना और बेटी से वर्षों से अलग रहने का दर्द साझा किया।
कपिला ने बताया कि उन्होंने परिवार की इच्छा के खिलाफ शादी की थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद ससुराल में उन्हें दहेज को लेकर परेशान किया जाने लगा। समय के साथ हालात और बिगड़ते गए और साल 2002 में उनके साथ ऐसी घटना हुई, जिसने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी।
सास पर लगाया आग लगाने का आरोप
कपिला ने शो में दावा किया कि उनकी सास ने उन पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी थी। आग लगने के बाद उन्होंने पास मौजूद पानी की टंकी में कूदकर अपनी जान बचाई।
उन्होंने बताया कि हादसे में वे गंभीर रूप से झुलस गई थीं और लंबे समय तक अस्पताल में उनका इलाज चला। होश आने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कई महीनों तक इलाज और सर्जरी का सिलसिला चलता रहा।
24 साल से बेटी से मिलने का इंतजार
इस घटना के बाद उनकी बेटी भी उनसे अलग हो गई। उन्होंने दावा किया कि करीब 24 साल से उन्होंने अपनी बेटी को नहीं देखा है। बाद में पड़ोसियों से उन्हें जानकारी मिली कि उनकी बेटी बड़ी हो चुकी है और दूसरे शहर में नौकरी करती है।
कपिला ने बताया कि वे आज भी अपनी बेटी की सलामती और खुशहाल जिंदगी के लिए प्रार्थना करती हैं। उनकी कहानी सुनकर अमिताभ बच्चन भी भावुक हो गए और उन्होंने कपिला के साथ हुई घटना पर दुख जताया।
घर पर बच्चों को पढ़ाकर चलाती हैं खर्च
कपिला ने बताया कि वे अब बच्चों को घर पर ट्यूशन पढ़ाती हैं और इसी से अपना खर्च चलाती हैं। KBC के मंच तक पहुंचना उनके लिए केवल पुरस्कार राशि जीतने का मौका नहीं, बल्कि जिंदगी में आगे बढ़ने की कोशिश भी थी।
गेम के दौरान कपिला ने कई सवालों के सही जवाब दिए और 7.5 लाख रुपये जीते। इसके अलावा ‘सुपर संदूक’ में उन्होंने 90 हजार रुपये भी अपने नाम किए।
12वें सवाल पर छोड़ा गेम
कपिला का खेल 12वें सवाल पर आकर रुका। उनसे पूछा गया था कि पश्चिम एशिया का कौन सा शहर 1930 के दशक में ब्रिटिश भारत से अलग किया गया था। विकल्पों में मोसुल, बसरा, जेद्दा और अदन शामिल थे।
जवाब को लेकर आश्वस्त नहीं होने के कारण कपिला ने गेम क्विट करने का फैसला किया और 7.5 लाख रुपये की राशि सुरक्षित कर ली। बाद में उन्होंने अनुमान के तौर पर मोसुल का नाम लिया, जबकि सही जवाब अदन था।
यह भी पढ़े: रणबीर कपूर ने प्रसाद लेने से किया इनकार तो अंजलि अरोड़ा ने लगाई फटकार, बोलीं- थोड़ा सा तो खा सकते हैं
जीती रकम से कराएंगी सर्जरी
कपिला ने बताया कि KBC से मिली रकम का एक हिस्सा वे अपने कान की जरूरी सर्जरी पर खर्च करना चाहती हैं। इसके साथ ही उनका सपना ऐसी महिलाओं के लिए सुरक्षित जगह बनाने का है, जिन्हें समाज में अकेलेपन, तिरस्कार या भेदभाव का सामना करना पड़ता है।
कपिला की कहानी और मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद आगे बढ़ने के उनके प्रयास पर शो में मौजूद दर्शकों ने उनका हौसला बढ़ाया।

