नई दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) से इस्तीफा देने के बाद वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने रविवार को राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने जयंत चौधरी की उपस्थिति में पार्टी जॉइन की, जिससे उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है।
आरएलडी में शामिल होने के बाद त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल और जनता दल यूनाइटेड की विचारधारा में ज्यादा अंतर नहीं है। उन्होंने बताया कि दोनों दल चौधरी चरण सिंह, कर्पूरी ठाकुर और राम मनोहर लोहिया के सिद्धांतों पर चलते हैं।
उन्होंने एक पुरानी राजनीतिक संभावना का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय ऐसा भी था जब नीतीश कुमार और चौधरी अजीत सिंह साथ मिलकर एक नई पार्टी बनाने पर विचार कर रहे थे।
केसी त्यागी ने यह भी कहा कि उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत आरएलडी से ही हुई थी और अब वह उसी विचारधारा के साथ आगे बढ़ेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी मिलकर चौधरी चरण सिंह के अधूरे सपनों को पूरा करेगी।
भविष्य में चुनाव लड़ने के सवाल पर त्यागी ने साफ किया कि उनकी ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह पहले ही लोकसभा और राज्यसभा दोनों के सदस्य रह चुके हैं और अब संगठनात्मक भूमिका में योगदान देना चाहते हैं।
गौरतलब है कि केसी त्यागी लंबे समय से जेडीयू से जुड़े हुए थे और पार्टी के गठन के समय से ही उसका हिस्सा थे। हाल ही में उन्होंने पार्टी से किनारा कर नई राजनीतिक दिशा में कदम बढ़ाया है।

