नई दिल्ली:आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी छोड़कर जाने वाले राज्यसभा सांसदों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिन लोगों को राज्यसभा भेजा, उन्हें लेकर अब भविष्य में ज्यादा सावधानी बरती जाएगी। केजरीवाल ने कहा कि आगे से राज्यसभा में किसी व्यक्ति को भेजने से पहले उसके बारे में अच्छी तरह जांच-पड़ताल की जाएगी। उन्होंने कहा,आगे से राज्यसभा में किसी को भेजने से पहले सौ बार ठोंक-बजाकर देखेंगे, आदमी ठीक है या नहीं।
राज्यसभा सांसदों का पार्टी छोड़कर जाना बेहद खेद की बात
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के लिए राज्यसभा सांसदों का पार्टी छोड़कर जाना बेहद खेद की बात है। उन्होंने कहा कि इन सांसदों को पार्टी ने राज्यसभा भेजा था, जनता ने नहीं। उन्होंने इसे पार्टी के लिए एक सीख भी बताया। केजरीवाल ने कहा कि भविष्य में राज्यसभा के लिए किसी व्यक्ति का चयन करने से पहले पार्टी अधिक सावधानी बरतेगी।
केजरीवाल ने सुनाया 2013 का किस्सा
अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के शुरुआती दौर का जिक्र करते हुए 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि उस समय आम आदमी पार्टी ने पहली बार दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ा था और पार्टी को 28 सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा के खाते में 32 सीटें आई थीं। केजरीवाल के मुताबिक, सरकार बनाने के लिए भाजपा को चार और विधायकों के समर्थन की जरूरत थी। उन्होंने दावा किया कि उस दौरान आम आदमी पार्टी के चार विधायकों को तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वे विधायक पार्टी छोड़कर नहीं गए।

