खजराना गणेश मंदिर के पुजारी पर दहेज प्रताड़ना का प्रकरण दर्ज

दहेज में मांगे एक करोड़ और फार्च्यूनर कार

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर से जुड़े एक पुजारी पर गंभीर आरोप लगने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। इंदौर पुलिस ने पुजारी पुनीत भट्ट के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और घरेलू हिंसा से जुड़े आरोपों में केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई उनकी पत्नी की शिकायत और प्रारंभिक जांच के बाद की गई है।

पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

दरअसल इंदौर के महिला थाना में पीड़िता ने लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि शादी के कुछ महीनों बाद ही उसके साथ व्यवहार बदल गया। साथ ही ससुराल पक्ष की ओर से 1 करोड़ रुपये नकद और Toyota Fortuner की मांग की जा रही थी। जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो उसके साथ मानसिक और शारीरिक रूप से दुर्व्यवहार शुरू हो गया। आरोप है कि उसे बार-बार अपमानित किया गया और दबाव बनाकर मायके से पैसा लाने के लिए मजबूर किया गया।

शादी के कुछ महीनों बाद बदले हालात

पीड़िता के मुताबिक 17 मई 2025 को दोनों की शादी हुई थी और यह दोनों की दूसरी शादी थी। शुरुआती दिनों में सब सामान्य रहा, लेकिन जुलाई के बाद अचानक व्यवहार में बदलाव आया। इसके बाद कथित तौर पर लगातार दबाव, विवाद और प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो गया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे कई बार घर में बंद कर दिया जाता था, खाना तक नहीं दिया जाता था और नौकरी करने से रोका गया ताकि वह आर्थिक रूप से निर्भर बनी रहे। विरोध करने पर उसे धमकाया जाता था। परिवार के अन्य सदस्यों पर भी उत्पीड़न में शामिल होने के आरोप लगे हैं।

पहले भी उठाई थी आवाज

जानकारी के मुताबिक, करीब 22 दिन पहले पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान भी शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें पति के अलावा सास, ननद और अन्य रिश्तेदारों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए थे।

थाना प्रभारी श्रद्धा यादव के अनुसार, पहले जनसुनवाई में दोनों पक्षों के बयान लिए गए, फिर जांच के बाद FIR दर्ज की गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *