Tuesday, November 10, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsखाद की बढ़ती कीमतों पर भड़का किसान गर्जना संगठन, आंदोलन की दी...

खाद की बढ़ती कीमतों पर भड़का किसान गर्जना संगठन, आंदोलन की दी चेतावनी

बालाघाट। खाद की बढ़ती कीमतों को लेकर किसान गर्जना संगठन ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने बालाघाट सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि महंगी खाद, बीज, कीटनाशक और कृषि सामग्री के कारण प्रदेश का किसान आर्थिक संकट से गुजर रहा है। यदि सरकार ने जल्द राहत नहीं दी तो संगठन प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।

महंगी खाद से बढ़ा किसानों पर आर्थिक बोझ

अरविंद चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों के हित में योजनाओं और घोषणाओं का दावा तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों को उसका लाभ नहीं मिल रहा। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने से किसान कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। उन्होंने सरकार से खाद की बढ़ी हुई कीमतों पर तत्काल पुनर्विचार कर किसानों को राहत देने की मांग की।

तहसील स्तर पर होगा आंदोलन

बता दें किसान गर्जना संगठन ने घोषणा की कि बालाघाट जिले की सभी तहसीलों में पत्रकार वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद प्रत्येक तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री के नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।

खाद वितरण केंद्रों और सोसायटियों पर प्रदर्शन

साथ ही संगठन ने बताया कि जिले के सभी खाद वितरण केंद्रों और सहकारी समितियों (सोसायटी) पर भी किसानों को संगठित कर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। संबंधित गांवों के किसान संगठन के बैनर तले एकत्र होकर सोसायटी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपेंगे।

किसानों से एकजुट होने की अपील

वहीं अरविंद चौधरी ने प्रदेश के किसानों से आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि जब तक किसानों को सस्ती खाद, उचित समर्थन मूल्य और खेती के लिए जरूरी सुविधाएं नहीं मिलतीं, तब तक संगठन किसानों की आवाज मजबूती से उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों के हित में ठोस निर्णय लेकर खेती की बढ़ती लागत को कम करने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन