भोपाल। मध्यप्रदेश की सवा करोड़ लाड़ली बहनों के लिए बुधवार खुशियों और सौगातों से भरा दिन साबित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज लाड़ली बहना योजना की 36वीं किस्त जारी करने जा रहे हैं। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 महिलाओं के खातों में 1500-1500 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होगें और सिंगल क्लिक के जरिए कुल 1835 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेजेंगे।
36वीं किस्त होगी जारी
बता दें लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। अप्रैल 2026 तक योजना की 35 मासिक किस्तें महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी हैं। आज 13 मई 2026 को जारी होने वाली राशि योजना की 36वीं किस्त होगी।
सरकार के मुताबिक, जून 2023 से अप्रैल 2026 तक महिलाओं के खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए कुल 55,926.51 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
पहले 1000 रुपये थे, अब मिल रहे 1500 रुपये
योजना की शुरुआत में पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जाते थे। बाद में अक्टूबर 2023 में राशि बढ़ाकर 1250 रुपये प्रतिमाह कर दी गई थी।
इसके बाद नवंबर 2025 से महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
गोटेगांव में होगा कार्यक्रम
इस बार लाड़ली बहना योजना की राशि वितरण का मुख्य कार्यक्रम नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की संभावना है।
सरकार की ओर से दावा किया गया है कि योजना का लाभ प्रदेश की करोड़ों महिलाओं तक पहुंच रहा है और यह राज्य की सबसे बड़ी महिला हितैषी योजनाओं में शामिल हो चुकी है।

