भोपाल। राजधानी के कोर्ट परिसर में उस समय सनसनी फैल गई, जब 11वीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी को पेशी के लिए लाया गया। जैसे ही पुलिस आरोपी को कोर्ट परिसर में लेकर पहुंची, वहां मौजूद वकील उग्र हो उठे। देखते ही देखते कई वकीलों ने आरोपी को चारों ओर से घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मी आरोपी को बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वकीलों की भीड़ के आगे वह बेबस दिखी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो चुका है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि वकील न केवल आरोपी पर हमला कर रहे हैं, बल्कि इस दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की भी हो रही है। घटना 2 फरवरी की बताई जा रही है, जब कोहेफिज़ा थाना पुलिस पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार आरोपी को दो दिन की रिमांड पूरी होने के बाद अदालत में प्रस्तुत करने लाई थी।
आरोपी पर आरोप है कि उसने 11वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया, घटना का वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा। अब इस मारपीट की घटना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा और पुलिस की तैयारी पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी को देखते ही वकीलों में आक्रोश भड़क गया था। पुलिस किसी तरह आरोपी को भीड़ से निकालकर सुरक्षित ले जाने में सफल रही।
न्यायालय में रेप आरोपी की वकीलों ने की पिटाई, सुरक्षा पर उठे सवाल


