बेगमगंज: रायसेन जिले के बेगमगंज में दैनिक भास्कर के पत्रकार कृष्णा यादव और उनके भाई देवेश यादव के साथ कथित मारपीट, अपहरण और बंधक बनाने के मामले में पत्रकारों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। इस संबंध में पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार प्रमोद उईके को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के अनुसार, 8 अक्टूबर को कृष्णा यादव अपने भाई के साथ ग्राम बिछुआ प्रतापगढ़ जा रहे थे। ग्राम मोदकपुर में कथित अवैध क्लीनिक और मेडिकल दुकान का वीडियो बनाने के बाद कुछ लोगों ने उनकी कार का पीछा किया। आरोप है कि भैसा तिगड्डे के पास कार रुकवाकर दोनों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई।
इसके बाद मोबाइल छीनकर उन्हें जबरन मोदकपुर ले जाया गया और करीब ढाई घंटे तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
पत्रकारों का आरोप है कि इस दौरान मोबाइल का पासवर्ड लेकर कवरेज से संबंधित वीडियो और फोटो डिलीट कर दिए गए। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों को मुक्त कराया गया। मेडिकल जांच में देवेश यादव के बाएं हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।
ज्ञापन में बताया गया कि मामले में करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पत्रकारों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच, पत्रकारों की सुरक्षा और ग्राम मोदकपुर में खसरा नंबर 140/1 की कथित शासकीय वन भूमि पर अतिक्रमण की जांच कराने की मांग की।
यह भी पढ़ें: दोस्त ही निकला चोर: इंदौर में घर से डेढ़ करोड़ का सोना चोरी, लसूड़िया पुलिस ने आरोपी को दबोचा
इन्होंने सौंपा ज्ञापन
वरिष्ठ पत्रकार सईद नादां, मनोज गुप्ता, हरि साहू, शरद शर्मा, राशिद मीर, आनंद शर्मा, उत्तम सिंह ठाकुर, अमजद खान, राजीव दुबे, शानू रैकवार, अजय गोयल, राशिद खान, गोलू कुराडिया, राहुल अहिरवार, हुसैन जावेद, अतुल दांतरे और शब्बीर अहमद सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।

