Wednesday, November 4, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsग्वालियर में पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला, अफेयर के शक में...

ग्वालियर में पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला, अफेयर के शक में पति ने काटे बाल; 4 महीने पहले किया था प्रेम विवाह

ग्वालियर:जनकगंज थाना क्षेत्र में पति के शक ने एक महिला की जान खतरे में डाल दी। बावन पाएगा इलाके में रहने वाली निशा अहिरवार पर उसके पति विकास पाल ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि विकास को निशा के इंस्टाग्राम पर किसी से चैटिंग करने और अफेयर का संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था।

शराब के नशे में मायके पहुंचा पति, पहले काटे बाल

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिनों से विवाद के चलते निशा अपने मायके में रह रही थी। रविवार रात आरोपी विकास शराब के नशे में वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने पहले निशा के बाल काटे और फिर चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले में निशा के चेहरे, पीठ और हाथ पर गहरे घाव आए हैं। वारदात के बाद विकास मौके से फरार हो गया।

चार महीने पहले किया था प्रेम विवाह, आरोपी हिरासत में

निशा और विकास ने करीब चार महीने पहले प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि दोनों के परिवार इस शादी के लिए राजी नहीं थे। विकास गोल पहाड़िया इलाके का रहने वाला है और मजदूरी के साथ ठेला लगाकर जीवनयापन करता है। घटना के समय घर में निशा और उसकी बहनें मौजूद थीं, जबकि उसकी मां बाहर गई हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर घायल निशा को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी विकास पाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन