उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन समेत कई जिलों में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और पुष्पवर्षा के बीच भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर जय जगन्नाथ के जयकारे लगाए।
पहली बार तीन अलग-अलग रथों पर विराजे भगवान
उज्जैन के इस्कॉन मंदिर की रथ यात्रा में इस बार पहली बार तीनों विग्रह अलग-अलग रथों पर विराजमान हुए। भगवान बलभद्र ‘तालध्वज’, देवी सुभद्रा ‘दर्पदलन’ और भगवान जगन्नाथ सबसे बड़े 35 फीट ऊंचे ‘नंदीघोष’ रथ पर सवार हुए।
₹2.5 लाख की विशेष पोशाक बनी आकर्षण
रथ यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण भगवान जगन्नाथ की विशेष पोशाक रही। बंगाल के कारीगरों ने जापान से मंगाए गए विशेष धागों और मोतियों से करीब ₹2.5 लाख की यह दिव्य पोशाक तैयार की है। यात्रा इंदिरा नगर से शुरू होकर फ्रीगंज और टॉवर चौक होते हुए मंदिर पहुंची।
ये भी पढ़े मेरे कार्यकर्ताओं को कोई छू भी नहीं सकता, जरूरत पड़ी तो साथ जेल भी जाऊंगा- डॉ. नरोत्तम मिश्रा
100 साल पुराने लकड़ी के रथ को श्रद्धालुओं ने खींचा
कार्तिक चौक स्थित जगदीश मंदिर से खाती समाज द्वारा भी पारंपरिक रथ यात्रा निकाली गई। करीब 100 साल पुराने लकड़ी के रथ को 1200 गांवों से आए श्रद्धालुओं ने अपने हाथों से खींचा। पूरे मार्ग में धार्मिक आयोजन और भजन-कीर्तन का माहौल बना रहा।
महेश्वर में भी निकली भव्य रथ यात्रा
महेश्वर में भी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा श्रद्धापूर्वक निकाली गई। इस दौरान अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचकर यात्रा में भाग लिया।
उन्होंने प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

