Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsरेत चोर हरीश राऊत का बॉस कौन?

रेत चोर हरीश राऊत का बॉस कौन?

बटरमारा घाट से हो रहा जमकर अवैध रेत उत्खनन, वायरल चैटिंग ने खड़े किए गंभीर सवाल?

बालाघाट: खनिज संपदा से परिपूर्ण बालाघाट जिले में रेत के अवैध उत्खनन का काम जोरों पर है और दिन-रात नदियों का सीना छलनी हो रहा है। कहें तो सरेआम प्राकृतिक संपदा दिनदहाड़े लूटी जा रही है और जिम्मेदार विभाग तमाशबीन बना बैठा है। अवैध रेत उत्खनन का खेल अब एक संगठित सिंडिकेट बन चुका है।

आखिर इन रेत माफियाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है? प्रशासन की चुप्पी और माफिया तत्वों पर सख्त कार्रवाई न होना भी कई गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोग सत्ता पक्ष के संरक्षण का जिक्र करते हैं। क्या सत्ता का रसूख अब प्राकृतिक संपदा लूटने का लाइसेंस बन गया है?

वायरल चैट ने सिस्टम को कटघरे में खड़ा किया

यह बात इसलिए कही जा रही है, क्योंकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक व्हाट्सएप चैट ने पूरे सिस्टम को कटघरे में लाकर खड़ा कर दिया है। चैटिंग से समझा जा सकता है कि बालाघाट की मुख्य जीवनदायिनी मानी जाने वाली वैनगंगा नदी के बटरमारा घाट से बड़ी मात्रा में अवैध रेत उत्खनन हो रहा है।

हैरत की बात यह है कि पूर्व में विभागीय कार्रवाई तो हुई, लेकिन उसके बाद भी रेत खनन का खेल जारी है। अब यह मामला राजनीतिक संरक्षण और सरकारी अमले की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।

कौन है हरीश राऊत?

बटरमारा रेत घाट का रेत चोर हरीश राऊत

सूत्रों के अनुसार, व्हाट्सएप चैटिंग में बात करने वाला शख्स हरीश राऊत है, जो भाजपा नेता रामकिशोर कावरे का बेहद करीबी बताया जाता है। वह भारतीय जनता पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता भी है। सूत्र बताते हैं कि हरीश राऊत द्वारा बटरमारा घाट से बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही उसकी चैटिंग ने नेता, अफसर और पुलिस के गिरेबान पर आंच पहुंचा दी है। वायरल चैटिंग में हरीश राऊत द्वारा कथित तौर पर अपने राजनीतिक प्रभाव और नेता के संरक्षण का हवाला देते हुए अन्य लोगों को रेत उत्खनन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिसके बदले उसे कमीशन मिलेगा।

इतना ही नहीं, चैटिंग में दिन-रात सेटिंग के तहत काम चलने और पुलिस से लेकर खनिज विभाग के बोपचे नामक कर्मचारी तक के सेट होने का दावा किया जा रहा है। चैटिंग में काम में रोड़ा बनने वालों को निपटाने जैसी बातें और अपने ऊपर ‘बॉस’ का हाथ होने का भी जिक्र हो रहा है। ऐसे में इन दावों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका को लेकर प्रशासनिक जांच आवश्यक है।

खनिज विभाग की पोल खोलती चैट

एक सवाल यह भी है कि खनिज विभाग जिस तरह अवैध उत्खनन के विरुद्ध कार्रवाई का दावा करता है, उसके विपरीत उसके ही कर्मचारी के सेट होने की चर्चा पूरे सिस्टम की पोल खोल रही है।

यदि बटरमारा घाट पर विभाग की निगरानी है, तो वहां रेत का खनन किसके संरक्षण में हो रहा है? वायरल चैटिंग में जिन सरकारी कर्मचारियों के नाम और कथित सेटिंग का जिक्र है, उसकी सच्चाई क्या है? आखिर यह ‘बॉस’ कौन है, जिसके संरक्षण का दावा किया जा रहा है? और वैनगंगा को लूटने वाले हरीश राऊत पर कार्रवाई कब होगी?

यह भी पढ़ें: लखनऊ में महिला को उल्टा लटकाकर बेरहमी से पीटा, 4 दिन तक पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

पहले भी पकड़ा जा चुका है हरीश

बता दें कि वर्ष 2025 में किरनापुर एसडीएम द्वारा बटरमारा रेतघाट पर लगभग 50 घनमीटर रेत जब्त की गई थी। लेकिन यहां जब्त रेत की चोरी होने लगी थी और यही भाजपा कार्यकर्ता हरीश राऊत जब्त रेत की चोरी करते पकड़ा गया था, जिस पर गौण खनिज अधिनियम और धारा 379 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।

लेकिन सूत्र बताते हैं कि उक्त कार्रवाई के बाद भी हरीश राऊत द्वारा लगातार रेत की चोरी की गई। वर्तमान में भी हरीश राऊत द्वारा बटरमारा रेत घाट से लगातार रेत चोरी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति हरीश राऊत की शिकायत कर दे, तो वह नेताओं की धौंस दिखाकर आए दिन गुंडागर्दी करता रहता है। अब ऐसे तत्व पर कार्रवाई की मजबूत कील ठोकी जानी चाहिए।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन