दतिया : दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि किसी की हिम्मत नहीं है कि मेरे किसी कार्यकर्ता का नुकसान कर सके। अगर ऐसी नौबत आई तो मैं भी तुम्हारे साथ जेल जाने के लिए तैयार हूं।
बीजेपी कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में मिश्रा के साथ पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने हालिया घटनाक्रम, टिकट को लेकर उठे विवाद, प्रशासनिक कार्रवाई और उपचुनाव की रणनीति पर खुलकर अपनी बात रखी।
आशुतोष की टिकट काटने की क्षमता नहीं
कार्यकर्ताओं के बीच बोलते हुए डॉ. मिश्रा ने टिकट को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग यह प्रचार कर रहे हैं कि आशुतोष तिवारी की वजह से उनका टिकट कटा, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है।
उन्होंने कहा कि टिकट देने और काटने का फैसला पार्टी नेतृत्व करता है। यदि इस विषय पर कोई बात करनी होगी तो वह उचित मंच पर की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भ्रम और नाराजगी से बाहर निकलें और चुनाव में पूरी ताकत के साथ पार्टी प्रत्याशी का समर्थन करें।
यह भी पढ़ें-
विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस का रणनीतिक मंथन, 19 जुलाई को भोपाल में होगी विधायक दल की अहम बैठक
बदला भाजपा से नहीं, कांग्रेस से लेना है
डॉ. मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि किसी बात को लेकर नाराजगी है तो उसका असर पार्टी पर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार है और उपचुनाव में पार्टी को मजबूत करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गुस्सा गलत दिशा में नहीं निकालना है, बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव में कांग्रेस को हराकर जवाब देना है।
पीतांबरा माई की शपथ दिलाकर दिलाया जीत का संकल्प
बता दें बैठक के दौरान डॉ. मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को मां पीतांबरा की शपथ दिलाते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि वे हमेशा अपने चुनाव से अधिक पार्टी और कार्यकर्ताओं के लिए संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे।
प्रशासनिक कार्रवाई पर भी जताई नाराजगी
पूर्व गृहमंत्री ने हाल ही में हुई प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दोष कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता के साथ अन्याय हुआ है तो वह उसके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। साथ ही प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए चेतावनी दी कि कार्यकर्ताओं के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा।
आशुतोष तिवारी ने भी दिया भरोसा
साथ ही बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनका परिवार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी कार्यकर्ता को किसी भी प्रकार की परेशानी आती है तो वे हर परिस्थिति में उसके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक उनके शरीर में प्राण हैं, किसी भी कार्यकर्ता के सम्मान पर आंच नहीं आने देंगे और सभी को साथ लेकर चुनाव लड़ेंगे।
दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले बीजेपी की यह बैठक राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी अब संगठन को एकजुट कर चुनावी मैदान में पूरी ताकत के साथ उतरने की तैयारी में जुट है।

