मप्र में 10वीं-12वीं के नतीजे घोषित, छात्राओं का रहा दबदबा

भोपाल। मध्य प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं का सबसे बड़ा अपडेट सामने आ गया है। MPBSE ने 10वीं और 12वीं के नतीजे एक साथ जारी कर दिए हैं, जिससे 16 लाख से ज्यादा छात्रों का इंतजार खत्म हो गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आधिकारिक तौर पर रिजल्ट घोषित करते हुए छात्रों को शुभकामनाएं दीं और बेहतर प्रदर्शन को लेकर बधाई दी।

डिजिटल एक्सेस आसान

छात्र अपना रिजल्ट ऑनलाइन आसानी से चेक कर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल जैसे mpbse.mponline.gov.in, mpbse.nic.in और mpresults.nic.in एक्टिव कर दिए गए हैं। रोल नंबर और एप्लिकेशन डिटेल डालकर कुछ ही सेकंड में मार्कशीट स्क्रीन पर देखी जा सकती है।

छात्राओं का दबदबा

सूत्रों के मुताबिक, इस साल 10वीं बोर्ड परीक्षा में अनूपपुर जिले ने 95.35% रिजल्ट के साथ टॉप किया है। खास बात यह रही कि टॉपर्स लिस्ट में छात्राओं का प्रदर्शन ज्यादा मजबूत रहा 235 छात्राओं ने जगह बनाई, जबकि 143 छात्र ही टॉपर्स में शामिल हो सके।

वहीं 12वीं के रिजल्ट में भोपाल की कुमारी खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा ने 594 अंक हासिल कर टॉप किया। दोनों कॉमर्स स्ट्रीम की छात्राएं हैं और उनके शानदार प्रदर्शन ने राजधानी का नाम रोशन किया है।

16 साल का रिकॉर्ड टूटा

इस बार का रिजल्ट कई मायनों में खास रहा। CM मोहन यादव के मुताबिक, पिछले 16 सालों में यह सबसे बेहतर प्रदर्शन है। खास तौर पर सरकारी स्कूलों ने प्राइवेट स्कूलों को पीछे छोड़ते हुए बेहतर रिजल्ट दिया है, जो शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

अनुसूचित जनजाति (ST) बहुल जिलों ने इस बार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सरकार का कहना है कि नई शिक्षा नीति और ग्राउंड लेवल पर किए गए प्रयासों का असर अब रिजल्ट में साफ दिख रहा है, जिससे दूरदराज क्षेत्रों के छात्रों को भी बराबरी का मौका मिला है।

फेल या कम नंबर वालों को दूसरा मौका

जानकारी अनुसार, छात्रों के लिए राहत की खबर भी सामने आई है। जो छात्र फेल हो गए हैं या अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, उन्हें दूसरी बोर्ड परीक्षा का मौका मिलेगा। यह परीक्षा 7 मई से शुरू होगी, जिससे छात्रों को अपने स्कोर में सुधार का अवसर मिलेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *