अब खाली हुई भूमि पर बनेगा तालाब और सामुदायिक भवन
भोपाल। जल संरक्षण और ग्राम विकास को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हुजूर तहसील के खजूरी गांव में करीब 24 एकड़ शासकीय जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। ईटखेड़ी रोड स्थित इस जमीन की कीमत लगभग 3.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। तीन दिन तक चली कार्रवाई गुरुवार को पूरी हुई, जिसमें अवैध कब्जों और खेती पर बुलडोजर चलाया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब गांव में तालाब, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन और खेल मैदान निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर राजस्व और पुलिस अमले ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर जमीन खाली कराई। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
राजस्व अधिकारियों के मुताबिक, जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पुराने जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए अतिक्रमण हटाया जा रहा है। एक माह पहले कराए गए सीमांकन में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई थी।
एसडीएम हुजूर विनोद सोनकिया ने बताया कि बरसात से पहले यहां तालाब निर्माण की तैयारी शुरू की जाएगी। इसके साथ ही पंचायत भवन, सामुदायिक भवन और खेल मैदान विकसित करने की कार्ययोजना भी बनाई जा रही है।

