विदिशा: मध्य प्रदेश के विदिशा में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने बेतवा नदी किनारे बंगला घाट से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, गश्त के दौरान पुलिस वाहन को देखकर अर्टिगा कार सवार दो युवक कार को वापस मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की कीमत करीब एक लाख रुपये है। इसके अलावा नशे के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार को भी जब्त किया गया है।
लाखों में आंकी गई ब्राउन शुगर की कीमत
पुलिस ने जब्त ब्राउन शुगर और वाहन की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी है।फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
ये भी पढ़ें: आस्था की आड़ में ठगी का खेलः पूजा-पाठ से बाधा दूर करने का झांसा, महिला से 2.80 करोड़ की ठगी
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने शैलेंद्र लोधी और विकास रघुवंशी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से नशे की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशे से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस या डायल-112 पर सूचना दें।

