मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति में बदलाव किया है। पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को चयन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पूर्व क्रिकेटर और कोच रमेश पोवार को समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। ओझा ने अजीत अगरकर की जगह ली है। वरिष्ठता यानी सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के आधार पर उन्हें समिति की अध्यक्षता सौंपी गई है।
बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने चयन समिति में नए सदस्य की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की। सीएसी में शामिल अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे ने आवेदकों की स्क्रीनिंग और साक्षात्कार के बाद रमेश पोवार के नाम की सर्वसम्मति से सिफारिश की।
प्रज्ञान ओझा की अगुआई में पांच सदस्यीय समिति
पुरुष चयन समिति में अब पांच सदस्य होंगे। इसमें प्रज्ञान ओझा अध्यक्ष, जबकि शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार सदस्य के रूप में काम करेंगे। समिति की जिम्मेदारी भारतीय पुरुष टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन करने और टीम संयोजन से जुड़े फैसले लेने की होगी।
ओझा की अगुआई वाली समिति के सामने खिलाड़ियों के प्रदर्शन, टीम की जरूरतों और आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को ध्यान में रखकर मजबूत टीम तैयार करने की चुनौती होगी।
रमेश पोवार के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और कोचिंग का अनुभव
रमेश पोवार ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं। क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में भी काम किया। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रहे हैं। इसके अलावा मुंबई और गुजरात की टीमों के साथ भी जुड़े रहे हैं।
पोवार बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच रहते हुए उनके मार्गदर्शन में टीम ने एशिया कप का खिताब जीता था। टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक भी हासिल किया था। अब चयन समिति में शामिल होने के बाद वह भारतीय पुरुष टीम के लिए खिलाड़ियों के चयन में अपनी भूमिका निभाएंगे।
अगरकर के कार्यकाल में भारत ने जीतीं तीन आईसीसी ट्रॉफी
बीसीसीआई ने निवर्तमान चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार जताया। अगरकर को जुलाई 2023 में चयन समिति का अध्यक्ष बनाया गया था।
बोर्ड के मुताबिक, उनके कार्यकाल में भारतीय क्रिकेट टीम ने तीन आईसीसी ट्रॉफी और दो एशिया कप खिताब जीते। इसके अलावा भारत ने लगातार दो एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किए। अब नई चयन समिति पर भारतीय क्रिकेट की इन उपलब्धियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
यह भी पढ़ें: पैरा एशियन गेम्स में भारत का शानदार आगाज, मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड
पुरुष चयन समिति में कौन-कौन शामिल?
- प्रज्ञान ओझा: अध्यक्ष
- शिव सुंदर दास: सदस्य
- आरपी सिंह: सदस्य
- अजय रात्रा: सदस्य
- रमेश पोवार: सदस्य

