सोशल मीडिया पर राजनीतिक टिप्पणी करना शिक्षक को पड़ा भारी ;कन्या स्कूल परसवाड़ा के उच्च श्रेणी शिक्षक सुनील मेश्राम निलंबित

शेयर करे

बालाघाट; सोशल मीडिया पर भारत सरकार एवं राज्य शासन की आलोचना करने तथा किसी विशेष राजनीतिक दल के पक्ष में सार्वजनिक रूप से राय व्यक्त करने के आरोप में शासकीय कन्या उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय परसवाड़ा में पदस्थ उच्च श्रेणी शिक्षक श्री सुनील मेश्राम को जिला कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबन के कारण
कलेक्टर श्री मृणाल मीना द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उच्च श्रेणी शिक्षक श्री सुनील मेश्राम ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से शासन एवं सरकार के विरुद्ध टिप्पणी की थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दिनांक 04 दिसंबर 2025 को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। श्री मेश्राम द्वारा 08 दिसंबर 2025 को दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया।आदेश में कहा गया है कि शिक्षक के इस कृत्य से शासन की छवि धूमिल हुई है। शिक्षक जैसे जिम्मेदार एवं गरिमामय पद पर रहते हुए इस प्रकार का आचरण अनुचित माना गया है।
कानूनी आधार
श्री सुनील मेश्राम को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।