दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 131वें एपिसोड में देशवासियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने AI Innovation, Global Tech Leadership, T20 World Cup में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की बढ़ती भूमिका और Cyber Fraud Awareness जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
भारत की तकनीकी शक्ति से दुनिया हुई प्रभावित
PM मोदी ने बताया कि हाल ही में दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित Global AI Impact Summit दुनिया के लिए एक मील का पत्थर साबित हुई। समिट में विश्वभर के नेता, टेक CEOs, स्टार्ट-अप इनोवेटर्स और उद्योग जगत के दिग्गज एक साथ आए और भारत की AI क्षमताओं को सराहा। साथ ही प्रधानमंत्री ने दो AI आधारित नवाचारों का विशेष उल्लेख किया। जिसमें से पहला, अमूल AI मॉडल- जिसके जरिए गाय-भैंसों की सेहत, उपचार और डेयरी मैनेजमेंट को 24×7 डिजिटल सहायता मिल रही है। वहीं दूसरा, प्राचीन पांडुलिपियों का AI-आधारित संरक्षण- जिसके तहत सुश्रुत संहिता जैसी प्राचीन ग्रंथों को हाई-रेज़ॉल्यूशन इमेजिंग और मशीन-रीडेबल टेक्स्ट में बदला जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी इन्हें आसानी से पढ़ सके।
T20 वर्ल्ड कप में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की चमक
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि- खेल इंसानों को जोड़ता है। आज जब T20 वर्ल्ड कप के मैच चलते हैं तो कई खिलाड़ियों के नाम सुनकर लगता है कि वे भारतीय परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने इसे भारतीय प्रतिभा और वैश्विक खेल संस्कृति की एक खूबसूरत मिसाल बताया।
आलिन शेरिन अब्राहम की कहानी ने झकझोरा
वहीं PM ने केरल की 10 महीने की बच्ची आलिन शेरिन अब्राहम के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने बच्ची के माता-पिता अरुण अब्राहम और शेरिन के साहस की सराहना की, जिन्होंने अपनी बच्ची के अंगदान का बड़ा फैसला लिया। यह कदम मानवता की सबसे उत्कृष्ट मिसाल है और पूरे देश का सम्मान बढ़ाने वाला है।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल ठगी को तेजी से बढ़ता खतरा बताते हुए विशेष चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि- कई वरिष्ठ नागरिक जीवनभर की कमाई ऑनलाइन फ्रॉड में गंवा बैठते हैं। ठग अधिकारी बनकर फोन करते हैं और OTP, बैंक डिटेल्स मांग लेते हैं। बच्चों की फीस या किसी जरूरी काम के लिए बचाए पैसे चुटकियों में उड़ जाते हैं। डिजिटल ठगी को लेकर PM मोदी ने सलाह देते हुए कहा कि- OTP, बैंक डिटेल, ATM PIN, आधार नंबर किसी के साथ कभी भी शेयर न करें। अनजान लिंक, फर्जी कॉल और संदिग्ध वेबसाइट्स से दूर रहें। सबसे महत्वपूर्ण अपने पासवर्ड नियमित रूप से बदलें। उन्होंने कहा कि जिस तरह मौसम बदलने पर हमारा खान-पान व पहनावा बदलता है, उसी तरह पासवर्ड बदलने की आदत भी विकसित कीजिए।


