कटंगी। बालाघाट जिले की कटंगी विधानसभा में स्कूली छात्रा के अपहरण की कोशिश ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहारी मोहल्ला की घटना के बाद स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि पुलिस की गश्त और निगरानी मजबूत होती, तो ऐसी वारदात की नौबत ही नहीं आती। बालाघाट में लगातार हो रही अपहरण करने की कोशिश से क्षेत्र के लोगों में भी आक्रोश दिखाई दे रहा है। ऐसी घटनाओं पर अभिभावकों का कहना है कि- घटना टल गई, लेकिन सिस्टम की कमजोरी उजागर हो गई है।

घटना और बढ़ती चिंता
सूत्रों के मुताबिक बुधवार शाम कक्षा दूसरी की छात्रा जया तुमड़ाम को एक अज्ञात बाइक सवार द्वारा बहलाने की कोशिश की गई। सहेली की सूझबूझ से बच्ची सुरक्षित बच गई, लेकिन इस घटना ने शहर में भय और गुस्से का माहौल बना दिया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्कूल टाइम के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग न के बराबर रहती है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
मिरगांव की घटना ने और बढ़ाए सवाल
बता दें बालाघाट में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र के मिरगांव में भी दिनदहाड़े चौथी कक्षा की छात्रा को बाइक पर बैठाकर ले जाने की कोशिश की गई थी। बच्ची के साहस से वह बच निकली। दोनों घटनाओं के बाद लोग पूछ रहे हैं- क्या यह महज संयोग है या किसी गिरोह की सक्रियता?
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
हालांकि पुलिस प्रशासन ने कहा है कि- मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहें और संदिग्ध बाइक सवार की तलाश जारी है। वहीं लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि- स्कूलों के आसपास नियमित पेट्रोलिंग हो। संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और महिला पुलिस की तैनाती की जाए।


