इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के द्वारकापुरी क्षेत्र स्थित एक स्टील प्लांट में रविवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में प्लांट का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना के समय प्लांट के भीतर कर्मचारी मौजूद थे, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद प्लांट में धुआं तेजी से भरने लगा, जिससे कई कर्मचारियों के अंदर फंसे होने की आशंका बनी। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
इस दौरान इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन, दमकल विभाग और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से प्लांट में फंसे पांच कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
https://www.instagram.com/reel/DaKOoz_sSDM/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
बता दें आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
वहीं प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि स्टील प्लांट में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से प्लांट को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

