मुंबई: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत के बाद पहले सप्ताह में 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। 4 सितंबर को रिलीज हुई फिल्म ने सात दिनों में भारत में 152.55 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही यह 2026 में 150 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई करने वाली तीसरी हिंदी फिल्म बन गई है। इससे पहले ‘धुरंधर 2’ और ‘बॉर्डर 2’ यह आंकड़ा पार कर चुकी हैं।
पहले दिन 27.85 करोड़, तीसरे दिन सबसे ज्यादा कमाई
फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने पहले दिन 27.85 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 32.50 करोड़ रुपये और तीसरे दिन 36.50 करोड़ रुपये कमाए।
इसके बाद चौथे दिन फिल्म ने 17.10 करोड़ रुपये, पांचवें दिन 15.60 करोड़, छठे दिन 12.50 करोड़ और सातवें दिन 10.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
इस तरह पहले सप्ताह में फिल्म की कुल नेट कमाई 152.55 करोड़ रुपये रही।
2026 की तीसरी हिंदी फिल्म बनी
तरण आदर्श के अनुसार, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 2026 में 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली तीसरी हिंदी फिल्म है। इस सूची में ‘धुरंधर 2’ और ‘बॉर्डर 2’ पहले से शामिल हैं।
फिल्म की खास बात यह है कि इसमें मौजूदा दौर के किसी बड़े ए-लिस्ट स्टार की मौजूदगी के बावजूद इसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। अब इसकी नजर दूसरे सप्ताह की कमाई पर है।
‘हैवान’ की रिलीज से बढ़ी चुनौती
11 सितंबर को अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर ‘हैवान’ भी सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। ऐसे में दूसरे वीकेंड में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को नई रिलीज से मुकाबला करना होगा। ‘हनुमान अंश’ भी बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों की पसंद बनी हुई है।
नई फिल्मों की मौजूदगी के बीच अब यह देखना अहम होगा कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ दूसरे सप्ताह में अपनी कमाई की रफ्तार कितनी बनाए रख पाती है।
यह भी पढ़े: सिंधिया संपत्ति विवाद में प्रतिमा देवी की एंट्री: कोर्ट ने आपत्ति मानी, अब बंटवारे में दावे पर होगी सुनवाई
पंकज त्रिपाठी समेत ये कलाकार
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, रवि किशन, जितेंद्र और रसिका दुग्गल प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और लेखन पुनीत कृष्णा से जुड़ा है।
फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है।

