Miss World 2026: दुनिया के प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट्स में शामिल मिस वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले आज यानी 5 सितंबर 2026 को वियतनाम के न्हा ट्रांग में आयोजित होगा। इस बार भारत की ओर से मध्य प्रदेश के उज्जैन की निकिता पोरवाल प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। ऐसे में भारतीय दर्शकों की नजरें उनके प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं।
शाम 5:30 बजे से शुरू होगा फिनाले
मिस वर्ल्ड के ग्रैंड फिनाले की लाइवस्ट्रीम भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से शुरू होगी। भारत में दर्शक इसे जियोहॉटस्टार पर देख सकेंगे। यह मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का 73वां संस्करण है और मिस वर्ल्ड संस्था की 75वीं वर्षगांठ के जश्न का भी हिस्सा है।
कौन हैं भारत की निकिता पोरवाल?
निकिता पोरवाल का संबंध मध्य प्रदेश की महाकाल की नगरी उज्जैन से है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा उज्जैन के कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से ग्रेजुएशन किया।
महज 18 साल की उम्र में उन्होंने टीवी होस्ट के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की। बाद में उन्होंने गुजरात के वडोदरा जाकर एक्टिंग की ट्रेनिंग भी ली।
सीता और राधा का किरदार निभा चुकी हैं निकिता
निकिता पोरवाल की पहचान सिर्फ मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट तक सीमित नहीं है। अभिनय के प्रति उनका लगाव इतना गहरा है कि वह रामलीला में माता सीता और श्रीकृष्ण लीला में राधा का किरदार निभा चुकी हैं।
उनके पिता अशोक पोरवाल ने बताया की निकिता को लेखन का भी शौक है। वह मंच पर निभाए जाने वाले किरदारों के लिए संवाद और स्क्रिप्ट लिखने में भी रुचि रखती हैं। निकिता भविष्य में फिल्मों में काम करना चाहती हैं और उनकी इच्छा संजय लीला भंसाली जैसे निर्देशक के साथ काम करने की है।
2024 में बनीं मिस इंडिया मध्य प्रदेश
निकिता ने अगस्त 2024 में फेमिना मिस इंडिया मध्य प्रदेश का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और अब मिस वर्ल्ड 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
मिस वर्ल्ड के ‘डांस ऑफ द वर्ल्ड’ राउंड में निकिता के पारंपरिक भारतीय परिधान ने भी खूब ध्यान आकर्षित किया। उनके लुक में भारतीय संस्कृति और देवी स्वरूप की झलक देखने को मिली, जिसने उन्हें प्रतियोगिता की अन्य प्रतिभागियों से अलग पहचान दी।
क्या निकिता दिलाएंगी भारत को सातवां मिस वर्ल्ड ताज?
भारत का मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में शानदार इतिहास रहा है। देश की अब तक छह सुंदरियां यह प्रतिष्ठित खिताब जीत चुकी हैं। भारत की पहली मिस वर्ल्ड रीता फारिया ने 1966 में यह खिताब जीता था। इसके बाद ऐश्वर्या राय (1994), डायना हेडन (1997), युक्ता मुखी (1999), प्रियंका चोपड़ा (2000) और मानुषी छिल्लर (2017) ने मिस वर्ल्ड का ताज अपने नाम किया।
अब अगर निकिता पोरवाल मिस वर्ल्ड 2026 का खिताब जीतती हैं, तो वह मिस वर्ल्ड बनने वाली सातवीं भारतीय होंगी।
अब इंतजार ताज के फैसले का
वियतनाम में मिस वर्ल्ड 2026 के ग्रैंड फिनाले का मंच तैयार है। अब दुनिया भर की निगाहें इस बात पर हैं कि प्रतिष्ठित ताज किसके सिर सजेगा। भारत के लिए उम्मीदें निकिता पोरवाल से जुड़ी हैं। अभिनय, लेखन और मंचीय अनुभव से समृद्ध निकिता अगर यह खिताब जीतने में सफल रहती हैं, तो यह भारत के लिए मिस वर्ल्ड इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय होगा।

