मऊगंज में दो पक्षों के जमीनी विवाद पर विधायक को करना पड़ा विरोध का सामना, जमकर हुआ हंगामा

शेयर करे

मऊगंज। भाजपा विधायक प्रदीप पटेल निजी जमीन के मुद्दे में एक पक्ष को कब्जा कराने के लिए धरने पर बैठे थे। इसी बीच स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा, विधायक प्रदीप पटेल को देखकर स्थानीय भड़क गए। देखते ही देखते बवाल की स्थिति निर्मित हो गई। मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने किसी कदर विधायक को भीड़ से बचा कर निकाला। इसके बावजूद भी देर रात तक हंगाम चलता रहा और विधायक थाना में बैठे रहे। अब इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें आक्रोशित भीड़ विधायक मुर्दाबाद के नारे और गालिया दे रही है और विधायक भाग रहे है।

दरअसल दो पक्षों के बीच जमीन का विवाद न्यायालय में चल रहा है। लल्लू पांडेय और विनोद खोडवानी के बीच लंबे समय से एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी बीच अचानक मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल विनोद खोडवानी के पक्ष को जमीन का कब्जा दिलाने के लिए धरने पर बैठ गए थे। विधायक के धरने पर बैठने की खबर के बाद दूसरा पक्ष भी काफी संख्या में धरना स्थल पर जमा हो गया और विरोध प्रदर्शन करने लगा। देखते ही देखते मामला गरमा गया और विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरु हो गई। जिसके बाद भीड़ ने विधायक की गाड़ी को घेर लिया। यह हंगामा काफी देर तक चलता रहा।