लखनऊ: यूपी की 11 एमएलसी सीटों के नतीजे आ गए हैं। चुनाव में समाजवादी पार्टी को फायदा मिला है। भाजपा ने 4 शिक्षक और 2 स्नातक, यानी कुल 6 सीटें जीती हैं। वहीं, सपा ने 2 शिक्षक और 3 स्नातक सीटों पर जीत हासिल की है। इस तरह भाजपा को 6 और सपा को 5 सीटें मिली हैं। सपा को 2 सीटों का फायदा हुआ है।
पहले 11 सीटों में से 6 भाजपा, 3 सपा, 1 शिक्षक दल और 1 निर्दलीय के पास थी। इस बार शिक्षक दल को एक भी सीट नहीं मिली।
काशी में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा
काशी में भाजपा को शिक्षक और स्नातक, दोनों सीटों पर फिर हार का सामना करना पड़ा है। यहां स्नातक सीट पर 50 घंटे से अधिक समय तक मतगणना चली। मतगणना केंद्र पर बुधवार देर शाम शुरू हुआ हंगामा रातभर जारी रहा।
भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह धरने पर बैठ गए। उन्होंने काशी के ऑब्जर्वर प्रांजल यादव पर धांधली कराने का आरोप लगाया और उन्हें हटाने की मांग की। इसके बाद 500 से ज्यादा सपा कार्यकर्ता मतगणना केंद्र पहुंच गए।
लखनऊ में लगे जीत के पोस्टर
लखनऊ में सपा मुख्यालय के सामने पोस्टर लगाया गया है। इसमें लिखा है, PDA का संदेश, 2027 में आ रहे हैं अखिलेश। अयोध्या जीते अवधेश पासी, आशुतोष-लाल बिहारी जीते काशी। पोस्टर सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव ने लगाया है। दरअसल, वाराणसी में शिक्षक और स्नातक, दोनों एमएलसी सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की है।
ये भी पढ़ें: NEET पेपर लीक: 14 आरोपियों पर आरोप तय करने का फैसला 18 नवंबर को
डिंपल बोलीं- सपा की पूर्ण बहुमत सरकार बनाने का रास्ता साफ
डिंपल यादव ने X पर पोस्ट कर कहा कि सपा के पांच प्रत्याशियों की जीत PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन की ताकत को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि शोषितों, वंचितों और युवाओं का भरोसा सपा के साथ है। दावा किया कि इन नतीजों से 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की संभावनाएं मजबूत हुई हैं और पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का रास्ता साफ हुआ है।

