भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में संभावित कैबिनेट विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस विस्तार में मध्यप्रदेश से कई नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। इनमें भिंड से सांसद संध्या राय का नाम सबसे प्रमुख माना जा रहा है। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग को भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनावों और संगठनात्मक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की तैयारी है। ऐसे में मध्यप्रदेश से तीन से चार नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
वर्तमान में एमपी से कौन-कौन हैं केंद्रीय मंत्री
फिलहाल मध्यप्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवराज सिंह चौहान और डॉ. वीरेन्द्र कुमार केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। वहीं सावित्री ठाकुर, दुर्गादास उइके और राज्यसभा सांसद एल. मुरुगन राज्यमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। हाल ही में राज्यसभा सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन के इस्तीफे के बाद संभावित फेरबदल की चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है।
संध्या राय के नाम पर सबसे ज्यादा चर्चा
भिंड से लगातार दूसरी बार सांसद बनीं संध्या राय को इस बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री बनाया जा सकता है। वे जाटव समाज से आती हैं और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सामाजिक समीकरण मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। भिंड संसदीय क्षेत्र उत्तर प्रदेश की सीमा से लगा होने के कारण पार्टी उन्हें चुनावी अभियान में भी अहम भूमिका दे सकती है।
संध्या राय इससे पहले मुरैना जिले की दिमनी सीट से विधायक रह चुकी हैं। वर्तमान में वे 18वीं लोकसभा के अध्यक्षों के पैनल की सदस्य भी हैं और सदन की कार्यवाही संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
तरुण चुग को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
हाल ही में मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद बने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग का नाम भी संभावित कैबिनेट विस्तार में प्रमुखता से लिया जा रहा है। माना जा रहा है कि उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाकर आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव की रणनीति और चुनाव प्रचार की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
वीडी शर्मा और गणेश सिंह भी चर्चा में
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा को भी केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। संगठन में लंबे अनुभव के चलते उन्हें केंद्रीय स्तर पर भूमिका दिए जाने पर मंथन चल रहा है।
वहीं सतना से लगातार पांचवीं बार सांसद बने गणेश सिंह का नाम भी चर्चा में है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कुर्मी-पटेल समाज के समीकरणों को देखते हुए उन्हें मंत्रिमंडल या संगठन में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।
आदिवासी और महिला प्रतिनिधित्व पर भी नजर
यदि मंत्रिमंडल में आदिवासी और महिला प्रतिनिधित्व में बदलाव किया जाता है तो शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह और खरगोन सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल के नामों पर भी विचार किया जा सकता है। हिमाद्री सिंह का विंध्य और आदिवासी क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक प्रभाव माना जाता है, जबकि गजेन्द्र सिंह पटेल लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं।
डॉ. वीरेन्द्र कुमार की भूमिका बदल सकती है
केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार को लेकर भी चर्चाएं हैं। यदि मंत्रिमंडल में बदलाव होता है तो उनकी जगह किसी नए दलित चेहरे को मौका मिल सकता है। हालांकि, पार्टी उन्हें संगठन या किसी अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारी में भी नियुक्त कर सकती है।
राज्यपालों में भी हो सकता है बदलाव
मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल का कार्यकाल 7 जुलाई को समाप्त हो रहा है। ऐसे में जुलाई में मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में राज्यपालों की नियुक्तियों और फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार
हालांकि, केंद्र सरकार और भाजपा की ओर से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सभी नाम राजनीतिक चर्चाओं और संभावनाओं पर आधारित हैं। अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा।

