भोपाल/इंदौर। स्वच्छता के राष्ट्रीय मानचित्र पर मध्यप्रदेश के नौ शहरों ने अपनी उपलब्धियों से पहचान बनाई है। देशभर के 4909 शहरों के बीच हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश के नौ शहरों को राष्ट्रीय सम्मान समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 11 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में चयनित शहरों को सम्मानित करेंगी। राष्ट्रीय स्तर पर अंतिम रूप से चुने गए 57 शहरों में मध्यप्रदेश के इंदौर, देपालपुर, देवास, उज्जैन, बुदनी, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और सागर शामिल हैं।
इंदौर-देपालपुर की जोड़ी ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव
स्वच्छ सुपर लीग के तहत मध्यप्रदेश की सात शहरों की जोड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी दावेदारी पेश की थी। इनमें से केवल इंदौर और देपालपुर की जोड़ी को ही सम्मान के लिए चुना गया है। खास बात यह है कि कभी प्रदेश के 380 शहरों में स्वच्छता के मामले में 378वें स्थान पर रहने वाला देपालपुर अब राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होने जा रहा है।
देपालपुर ने बीते कुछ वर्षों में स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार किया है। पिछले सर्वेक्षण में देश के 2030 शहरों के बीच उसे 1710वीं रैंक मिली थी। इस बदलाव में इंदौर नगर निगम के मार्गदर्शन और स्वच्छता प्रबंधन की अहम भूमिका रही। इंदौर ने देपालपुर को स्वच्छता अभियान, कचरा प्रबंधन और नागरिक सहभागिता के स्तर पर बेहतर बनाने में सहयोग दिया।
50 टन पुराने कचरे का किया निपटान
देपालपुर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इंदौर नगर निगम ने विशेष अभियान चलाया। इसके तहत 50 टन पुराने लीगेसी वेस्ट को हटाने के लिए नगर निगम के करीब दो हजार सफाईकर्मियों और रैग पिकर्स ने अभियान में हिस्सा लिया। घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत विकसित करने के लिए 14 हजार डस्टबिन वितरित किए गए।
इसके अलावा 60 दिनों तक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए और करीब 75 प्रतिशत लोगों ने प्लास्टिक थैलियों का इस्तेमाल बंद कर दिया। डिस्पोजेबल वस्तुओं के उपयोग को भी नियंत्रित करने की दिशा में प्रयास किए गए। इन पहलों ने देपालपुर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के साथ नागरिकों की भागीदारी भी बढ़ाई।
देवास में घर-घर कचरा संग्रहण बना उपलब्धि का आधार
देवास नगर निगम ने नियमित सफाई, घर-घर कचरा संग्रहण और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण पर विशेष जोर दिया। शहर में वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थित कार्ययोजना लागू की गई। कचरा संग्रहण वाहनों के निर्धारित रूट तैयार किए गए और उनकी निगरानी के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की गई।
नगर निगम ने रहवासी क्षेत्रों, व्यावसायिक बाजारों और शैक्षणिक संस्थानों में जन-जागरूकता अभियान भी चलाए। नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाने और कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित करने के प्रयासों को देवास की उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार माना गया है।
11 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में देवास की ओर से महापौर गीता अग्रवाल सम्मान ग्रहण करेंगी।
भोपाल की जोड़ी अंतिम सूची में जगह नहीं बना सकी
राष्ट्रीय सम्मान के लिए प्रदेश के नौ शहरों का चयन हुआ है, लेकिन राजधानी भोपाल इस बार अपनी जोड़ीदार नगर परिषद बैरसिया के साथ अंतिम चयन सूची में जगह नहीं बना सकी। स्वच्छ सुपर लीग में प्रदेश की सात जोड़ियों ने हिस्सा लिया था, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर इंदौर-देपालपुर की जोड़ी ही सम्मान हासिल करने में सफल रही।
प्रदेश के नौ शहरों का राष्ट्रीय सम्मान समारोह के लिए चयन स्वच्छता प्रबंधन, कचरा निपटान और नागरिक सहभागिता के क्षेत्र में किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलने के रूप में देखा जा रहा है।

