Friday, October 2, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएमपी बीजेपी प्रभारी बिप्लब देव बोले- कोई छोटा-बड़ा नेता नहीं, मिलकर काम...

एमपी बीजेपी प्रभारी बिप्लब देव बोले- कोई छोटा-बड़ा नेता नहीं, मिलकर काम करने की दी नसीहत

भोपाल: मध्यप्रदेश बीजेपी के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने गुरुवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करने की नसीहत दी। प्रदेश में प्रभारी का जिम्मा संभालने के बाद उन्होंने कहा कि संगठन में प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ अध्यक्ष तक सभी की अपनी जिम्मेदारी है। सभी को एकजुट होकर सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और उनका फॉलोअप करने पर काम करना चाहिए।

बिप्लब देव ने कहा कि जनता ने बीजेपी को सरकार चलाने की जिम्मेदारी दी है। पार्टी सत्ता में सिर्फ सत्ता के लिए नहीं है, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक सरकार के काम पहुंचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल से जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकता है।

नरोत्तम मिश्रा की गैरमौजूदगी पर बोले- सब सामान्य

बुधवार को हुई कोर कमेटी की बैठक में नरोत्तम मिश्रा की गैरमौजूदगी को लेकर उठे सवालों पर बिप्लब देव ने कहा कि उनकी नरोत्तम मिश्रा से बातचीत हुई है और सब कुछ सामान्य है। उन्होंने बताया कि बैठक में कोर कमेटी के सभी मौजूदा सदस्य शामिल हुए थे।

उन्होंने कहा कि फिलहाल कोर कमेटी को छोटा किया गया है और आने वाले समय में इसे और बड़ा किया जाएगा। बिप्लब देव ने कहा कि बड़े परिवार में आपसी मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इन्हें सार्वजनिक स्तर पर नहीं आना चाहिए।

बोले- बीजेपी में लोकतंत्र है

पार्टी में नेताओं के बीच समन्वय को लेकर सवाल पर प्रदेश प्रभारी ने कहा कि बीजेपी में लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि यह न तो कम्युनिस्ट पार्टी है और न ही परिवार तंत्र। पार्टी में शालीनता को बनाए रखना जरूरी है।

बिप्लब देव ने कहा, “छोटा और बड़ा नेता कुछ नहीं होता, सिर्फ तजुर्बा छोटा-बड़ा होता है।” उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलकर काम करने की अपील की।

यह भी पढ़ें: 2008 अहमदाबाद ब्लास्ट: सुप्रीम कोर्ट ने एक दोषी की फांसी पर लगाई रोक

बूथ स्तर तक पहुंचेंगे बिप्लब देव

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि वह केवल नेताओं को सिखाने के लिए नहीं आए हैं। संगठन के कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उनसे सीखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बूथ पर काम करने वाले कार्यकर्ता के पास भी काफी अनुभव होता है।

बिप्लब देव ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में वह प्रदेश के गांवों और बूथ स्तर तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। उनका कहना है कि जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़कर संगठन को और मजबूत करने पर काम किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

20 to 26 September 2026
13 to 19 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन