भोपाल: राजधानी के रहवासी इलाकों में कमर्शियल एक्टिविटी करने पर सोमवार सुबह 9 बजे से सीलिंग की कार्रवाई शुरू हो गई, जो शाम तक चली। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में 7 प्रतिष्ठान सील कर दिए गए, जबकि 109 दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान स्वैच्छा से बंद किए। वहींनिगम की दी हुई मोहलत भी खत्म हो चुकी है। अब नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी।
रचना नगर में जूंबा डांस हाउस को सील कर दिया गया। यही पर ग्लॉस लॉन सिस्टम गोडाउन, होटल एंड गुड फूड, अरेरा कॉलोनी स्थित कुनबी समाज कॉम्पलेक्स, कोलार रोड स्थित राधिका पैलेस होटल को बलपूर्वक सील किया गया। सोमवार को कोलार रोड, अरेरा कॉलोनी, सुभाषनगर, मिसरोद, रचना नगर, गौतम नगर समेत कई इलाकों में कार्रवाई हुई। कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) के सामने नोटरी, वकील के चैंबर हटाए गए। कई जगहों पर अवैध निर्माण हुआ था। इसके चलते कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान अरेरा कॉलोनी में हंगामे की स्थिति बन गई। आर्य समाज के मंदिर के पास जब टीम कार्रवाई करने पहुंची तो दुकानदारों ने हंगामा कर दिया। एक बिल्डिंग के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर के दुकानदारों का कहना था कि नगर निगम सिर्फ हमारी दुकानें ही बंद करा रहा है। इसके अलावा भी दुकानें हैं, लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं की गई। विरोध के चलते निगम अमला आगे बढ़ गया। अधिकारी कुछ भी कहने से बचते हुए नजर आए।
यह भी पढ़ें: MP पुलिस के 37 अधिकारी-कर्मचारियों को मिलेगा केएफ रुस्तम जी पुरस्कार, DGP ने की घोषणा
व्यापारी बोले- हमारे सामने रोने जैसी स्थिति हो गई
10 नंबर मार्केट व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष आनंद सोनी ने कहा कि यह कार्रवाई गलत है। व्यापारी गलत नहीं है। सरकार की कमी की वजह से ऐसा हो रहा है। यदि सरकार समय पर भोपाल का मास्टर प्लान लेकर आती तो आज यह समस्या खड़ी नहीं होती।
सीलिंग की कार्रवाई से भोपाल का 90 प्रतिशत व्यापार बंद हो जाएगा। व्यापारी सड़कों पर आ गए हैं। सरकार इस समस्या का जल्द समाधान करें। मास्टर प्लान जल्दी लागू करें या फिर मिक्स लैंड यूज व्यवस्था करें।
आज की कार्रवाई से 10 नंबर मार्केट वीरान हो गया है। व्यापारी के सामने रोने जैसी स्थिति हो गई है। हम पिछले डेढ़ महीने से मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक-महापौर समेत सभी जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा चुके हैं।

