भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बुधवार को 10वीं परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष 73.42% विद्यार्थी सफल रहे। टॉप-10 मेरिट सूची में 378 विद्यार्थियों ने 490 से 499 अंक हासिल किए।
पन्ना जिले की प्रतिभा सिंह सोलंकी ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
दूसरे स्थान पर 498 अंक के साथ बालाघाट की अक्षरा घोडेश्वर और सीधी के अभय गुप्ता रहे, जबकि तीसरे स्थान पर शहडोल के योगेंद्र सिंह परमार रहे।
सात विद्यार्थियों ने 497, 12 ने 496 और 17 ने 495 अंक प्राप्त किए, वहीं 342 विद्यार्थियों के अंक 490 से 494 के बीच रहे।
13 फरवरी से 6 मार्च 2026 के बीच आयोजित इस परीक्षा में कुल 8,97,061 विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें 7,87,733 नियमित और 1,09,328 प्राइवेट परीक्षार्थी थे।
इस बार छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया। उनका पास प्रतिशत 77.52% रहा, जबकि छात्रों का 69.31% दर्ज किया गया।
शासकीय स्कूलों का परिणाम 76.80% रहा, जो निजी स्कूलों (68.64%) से बेहतर है।
जिलावार परिणाम में अनूपपुर (93.85%) पहले और आलीराजपुर (92.14%) दूसरे स्थान पर रहा। मेरिट सूची में भी छात्राओं का दबदबा रहा, जहां 378 में से 235 छात्राएं शामिल हैं।


