Thursday, September 17, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएमपी पुलिस में 7500 पदों पर भर्ती: 22 सितंबर से आवेदन, 19...

एमपी पुलिस में 7500 पदों पर भर्ती: 22 सितंबर से आवेदन, 19 नवंबर को परीक्षा; महिलाओं के लिए 35% आरक्षण

भोपाल। मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार पुलिस विभाग में आरक्षक के 7,500 पदों पर भर्ती करने जा रही है। भर्ती प्रक्रिया मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) के माध्यम से होगी। मंडल ने भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम और नियम जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी 22 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन के लिए 11 अक्टूबर 2026 तक का समय मिलेगा।

आरक्षक भर्ती परीक्षा 19 नवंबर 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। भर्ती नियमों के मुताबिक, जिन अभ्यर्थियों के दो से अधिक जीवित बच्चे हैं, वे इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।

7,500 पदों में 6,800 सामान्य ड्यूटी के

पुलिस आरक्षक भर्ती के कुल 7,500 पदों में से 700 पद विशेष सशस्त्र बल (SAF) में आरक्षक के लिए निर्धारित हैं, जबकि 6,800 पद आरक्षक सामान्य ड्यूटी के हैं।

सामान्य ड्यूटी के 6,800 पदों में 2,720 पद ओपन कैटेगरी में रखे गए हैं। इन पदों में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान रहेगा। हालांकि, विशेष सशस्त्र बल के 700 पदों पर होने वाली भर्ती में महिला अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर नहीं मिलेगा।

दूसरे राज्यों के अभ्यर्थी भी कर सकेंगे आवेदन

मध्य प्रदेश के बाहर के अभ्यर्थी भी इस भर्ती में आवेदन कर सकेंगे, लेकिन उन्हें केवल अनारक्षित ओपन कैटेगरी में ही आवेदन का अवसर मिलेगा। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए मध्य प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य रहेगा।

70-80-90 प्रतिशत वेतन का नियम फिलहाल लागू

भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों पर प्रोबेशन अवधि के दौरान 70, 80 और 90 प्रतिशत वेतन से जुड़ा नियम फिलहाल लागू रहेगा। हालांकि, 8 सितंबर को जबलपुर हाईकोर्ट ने प्रोबेशन अवधि में कर्मचारियों को 70, 80 और 90 प्रतिशत वेतन देने की व्यवस्था को असंवैधानिक बताते हुए निरस्त कर दिया है।

इसके बावजूद पुलिस भर्ती की मौजूदा प्रक्रिया में यह प्रावधान फिलहाल शामिल है। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से अभी कोई नया निर्णय नहीं लिया गया है।

अभ्यर्थी को आवेदन में चुननी होगी एक इकाई

आवेदन करते समय अभ्यर्थी को मध्य प्रदेश के किसी एक जिले का विकल्प चुनना होगा। इसके अलावा इंदौर, जबलपुर और भोपाल रेल पुलिस में से भी किसी एक इकाई का चयन किया जा सकेगा।

जिस इकाई में अभ्यर्थी की नियुक्ति होगी, वहां उसे कम से कम पांच वर्ष की सेवा पूरी करनी होगी। पांच साल की सेवा पूरी होने के बाद ही दूसरी इकाई में स्थानांतरण का अवसर मिल सकेगा।

आरक्षक भर्ती के लिए 10वीं पास जरूरी

आरक्षक पद के लिए सामान्य अभ्यर्थियों का 10वीं कक्षा या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है। अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं कक्षा या समकक्ष परीक्षा निर्धारित की गई है।

दो चरणों में होगी भर्ती प्रक्रिया

पुलिस आरक्षक भर्ती की चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा और गलत उत्तर के लिए नकारात्मक अंकन नहीं होगा

युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा मौका

मध्य प्रदेश पुलिस में 7,500 पदों पर होने वाली यह भर्ती राज्य के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर है। आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर से शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के इसमें शामिल होने की संभावना है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले भर्ती नियम, पात्रता, आरक्षण, परीक्षा पैटर्न और शारीरिक दक्षता से संबंधित शर्तों को ध्यान से पढ़ लें।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

13 to 19 September 2026
6 to 12 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन