भोपाल। मप्र कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित हेड कांस्टेबल (कंप्यूटर) और एएसआई भर्ती परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए अब शारीरिक दक्षता परीक्षा की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। पुलिस मुख्यालय के अनुसार फिजिकल टेस्ट 7 जून से 9 जून 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा।
शारीरिक प्रवीणता परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को 800 मीटर दौड़ अनिवार्य रूप से पूरी करनी होगी। इसी दौरान उम्मीदवारों के मूल दस्तावेजों की स्क्रूटनी (जांच) भी की जाएगी। परीक्षा प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखने के लिए प्रदेश में दो केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें भोपाल का लाल परेड मैदान और जबलपुर स्थित छठवीं वाहिनी विसबल (रांझी) का परेड ग्राउंड शामिल है।
परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट से अपना सूचना पत्र डाउनलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को तय तारीख, समय और केंद्र पर अपने सभी मूल दस्तावेज तथा उनकी फोटोकॉपी के साथ उपस्थित होना होगा।

