भोपाल: मध्य प्रदेश में 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत या उससे ज्यादा अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दे रही है।
इस योजना के तहत इस साल प्रदेश के करीब 1 लाख 21 हजार विद्यार्थी पात्र हैं। सरकार इन विद्यार्थियों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से सीधे राशि ट्रांसफर करेगी। इसके लिए सरकार करीब 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपए खर्च कर रही है।
किसे मिलेगा 25 हजार रुपए का लाभ?
इस योजना का लाभ उन विद्यार्थियों को दिया जाता है, जिन्होंने मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं की परीक्षा पहले प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंकों के साथ पास की है।
सरकार विद्यार्थियों को लैपटॉप सीधे नहीं देती। इसके बजाय लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपए उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं।
पढ़ाई में डिजिटल संसाधनों का मिलेगा फायदा
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए जरूरी डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना है। लैपटॉप की मदद से विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई, ई-लर्निंग, डिजिटल स्टडी मैटेरियल और दूसरी तकनीकी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।
75% अंक वाले विद्यार्थी को भी योजना का लाभ
मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए आर्थिक सहायता देने की योजना की शुरुआत 2009-10 में हुई थी। उस समय योजना का लाभ लेने के लिए 12वीं में 85 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी था।
बाद में सरकार ने पात्रता की सीमा घटाकर 75 प्रतिशत कर दी। इसके बाद 12वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भी इस योजना के लिए पात्र हो गए।
यह भी पढ़े :शादी के 8 साल बाद हुआ था तलाक, अब ईशा रिखी संग रिश्ते पर भी लगा विराम; जानिए बादशाह की लाइफ की पूरी कहानी

