Wednesday, November 18, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमध्यप्रदेश: टोल पर गाड़ी रोकी तो भड़के वेयरहाउसिंग अध्यक्ष संजय नागाइच, पूछा-...

मध्यप्रदेश: टोल पर गाड़ी रोकी तो भड़के वेयरहाउसिंग अध्यक्ष संजय नागाइच, पूछा- जानते हो मैं कौन हूं?

भोपाल। सत्ता और पद का रुतबा आखिर सार्वजनिक व्यवहार में किस तरह झलकता है, इसकी बानगी मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नागाइच के एक वायरल वीडियो में दिखाई दे रही है। रीवा जिले के जोगनई टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों ने उनकी गाड़ी रोकी तो अध्यक्ष महोदय नाराज हो गए। बात इतनी बढ़ी कि वे कर्मचारी से पूछते नजर आए- ‘जानते हो मैं कौन हूं?’ करीब एक महीने पुरानी इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद एक बार फिर नागाइच का व्यवहार और उनका विवादित अतीत चर्चा में आ गया है।

घटना 17 और 18 अक्टूबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है। उस समय नागाइच दौरे से लौट रहे थे। रीवा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जोगनई टोल प्लाजा पर कर्मचारियों ने उनकी गाड़ी रोक दी। इसी बात को लेकर नागाइच और टोल कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई। वायरल वीडियो में नागाइच कर्मचारी से उसकी पहचान पूछते और अपना पद बताते हुए उससे सवाल-जवाब करते दिखाई दे रहे हैं। कर्मचारी ने अपना नाम राहुल बताया। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

पद बताया, फिर कर्मचारियों पर लगाए गंभीर आरोप

इस घटना में नागाइच ने टोल कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि वाहन में मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष के मौजूद होने की जानकारी देने के बावजूद टोल का बैरियर काफी देर तक नहीं खोला गया। उन्होंने टोल कर्मचारी राहुल पर जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप भी लगाया है।

शिकायत के मुताबिक, नागाइच ने टोल प्लाजा के प्रभारी धीरेन्द्र सिंह से फोन पर बात कराने को कहा था। आरोप है कि प्रभारी ने भी उनसे ऊंची आवाज में बात की। इसके बाद नागाइच ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इस तरह घटना के दोनों पक्षों के बीच विवाद केवल टोल पर गाड़ी रोकने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अभद्र व्यवहार और जातिसूचक टिप्पणी के आरोपों तक पहुंच गया।

पहले भी विवादों से जुड़ चुका है नाम

संजय नागाइच का नाम इससे पहले भी विवादित बयानों और पार्टी के भीतर अनुशासनहीनता को लेकर सुर्खियों में रह चुका है। उनके बयानों और राजनीतिक गतिविधियों के कारण पार्टी को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते तत्कालीन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

फिलहाल वायरल वीडियो ने इस पुराने विवाद को फिर ताजा कर दिया है। टोल कर्मचारियों पर लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच का विषय है, लेकिन इस घटनाक्रम ने एक बार फिर सत्ता के पद और सार्वजनिक व्यवहार के बीच की मर्यादा पर बहस छेड़ दी है।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन