भोपाल: राजधानी एक्सप्रेस की सफाई के बाद कचरा उतारने को लेकर हुए विवाद में हत्या के मामले में भोपाल की अदालत ने तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। पंचम अपर सत्र न्यायाधीश नीलू संजीव श्रृंगीऋषि की अदालत ने आरोपी रामबाबू बाल्मीकी, लक्ष्मीनारायण और श्याम बाबू बाल्मीकी को दोषी ठहराया।
तीनों आरोपियों को उम्रकैद और जुर्माना
अदालत ने तीनों आरोपियों को धारा 302/34 भादवि के तहत आजीवन कारावास और प्रत्येक पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। वहीं धारा 323/34 के तहत प्रत्येक को 6 महीने का सश्रम कारावास और 2 हजार रुपए का अर्थदंड भी दिया गया है। मामले में शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक प्रीति श्रीवास्तव ने पैरवी की।
2019 में हुआ था विवाद
मामला 15 फरवरी 2019 का है। फरियादी राजेश खरे ने जीआरपी भोपाल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस से निकलने वाले कचरे को उतारने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
रात करीब 9:30 बजे वीआईपी गेट के सामने राजेश खरे अपने साथियों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान रामबाबू, श्यामबाबू और अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोप था कि उनके हाथों में लाठी-डंडे थे और उन्होंने कचरा उतारने की बात को लेकर विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में राजेश खरे सहित कई लोगों को चोटें आईं। राकेश पिता श्यामलाल के सिर में गंभीर चोट लगी थी। शुरुआती तौर पर जीआरपी भोपाल ने धारा 323, 294, 506 और 147 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
यह भी पढ़ें: ट्वीशा शर्मा मौत मामला: सास गिरिबाला को हाईकोर्ट से राहत, CBI चार्जशीट में दहेज प्रताड़ना का आरोप साबित नहीं
इलाज के दौरान राकेश की हुई थी मौत
गंभीर रूप से घायल राकेश की इलाज के दौरान 19 फरवरी 2019 को मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास और हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ाईं। जांच पूरी होने के बाद न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया गया।
अभियोजन की ओर से पेश साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, दस्तावेजों और तर्कों पर सुनवाई के बाद अदालत ने रामबाबू बाल्मीकी, लक्ष्मीनारायण और श्याम बाबू बाल्मीकी को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास सहित अन्य सजा सुनाई।

