नई दिल्ली। दुनिया में आर्थिक विकास के बावजूद अमीरी और गरीबी के बीच की खाई लगातार चौड़ी होती जा रही है। ऑक्सफैम के मुताबिक 2015 से 2025 के बीच दुनिया के सबसे अमीर एक प्रतिशत लोगों की संपत्ति में 34 लाख करोड़ डॉलर से अधिक की बढ़ोतरी हुई। वहीं, अत्यधिक गरीबी में रहने वाले लोगों की संख्या में उतनी तेजी से कमी नहीं आई, जितनी उम्मीद की गई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया के सबसे अमीर लोगों की संपत्ति में तेज बढ़ोतरी के बीच अरबपतियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2025 में दुनिया में अरबपतियों की संख्या 3,000 के पार पहुंच गई।
मस्क की संपत्ति में रिकॉर्ड उछाल
दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल एलन मस्क की संपत्ति में भी बीते कुछ वर्षों में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। फोर्ब्स के आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2020 में मस्क की संपत्ति करीब 28 अरब डॉलर थी और वह दुनिया के 35वें सबसे अमीर व्यक्ति थे। इसके बाद उनकी संपत्ति में अभूतपूर्व तेजी आई और यह 1.11 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच गई।
ऑक्सफैम का दावा है कि मस्क की अकेले की संपत्ति दुनिया की सबसे गरीब 46 प्रतिशत आबादी यानी करीब 3.8 अरब लोगों की कुल संपत्ति से भी अधिक है। यह आंकड़ा वैश्विक स्तर पर संपत्ति के असमान वितरण को उजागर करता है।
3.4 अरब लोग ऐसे देशों में रह रहे जहां कर्ज का बोझ ज्यादा
संयुक्त राष्ट्र व्यापार एवं विकास सम्मेलन (UNCTAD) के अनुसार दुनिया में करीब 3.4 अरब लोग ऐसे देशों में रहते हैं, जहां सरकारें स्वास्थ्य और शिक्षा पर जितना खर्च करती हैं, उससे ज्यादा रकम कर्ज का ब्याज चुकाने में खर्च हो रही है।
विकास मॉडल पर भी उठ रहे सवाल
आंकड़े यह संकेत देते हैं कि आर्थिक विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों तक समान रूप से नहीं पहुंच रहा है। 1990 के बाद अत्यधिक गरीबी में रहने वाले लोगों की संख्या में कमी आई है, लेकिन यह गिरावट अपेक्षित गति से नहीं हुई।
इसी बढ़ती असमानता के बीच अर्थशास्त्रियों और विशेषज्ञों ने ‘द रोडमैप फॉर इरैडिकेटिंग पॉवर्टी बियॉन्ड ग्रोथ’ तैयार किया है। इसमें मौजूदा विकास मॉडल पर सवाल उठाते हुए गरीबी खत्म करने के लिए आर्थिक वृद्धि से आगे की रणनीति पर जोर दिया गया है।

