Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsगणेश विसर्जन: भोपाल में मुस्लिम महिलाओं ने बप्पा पर बरसाए फूल, इंदौर...

गणेश विसर्जन: भोपाल में मुस्लिम महिलाओं ने बप्पा पर बरसाए फूल, इंदौर में निकलीं भव्य झांकियां

MP: मध्यप्रदेश में अनंत चतुर्दशी पर गणपति बप्पा की विदाई का सिलसिला जारी है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन सहित कई शहरों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। जगह-जगह आकर्षक झांकियां और चल समारोह भी निकाले जा रहे हैं। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ बप्पा को विदाई दे रहे हैं।

भोपाल में मुस्लिम महिलाओं ने बरसाए फूल

भोपाल में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान आपसी भाईचारे की तस्वीर देखने को मिली। मुस्लिम समाज के लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। मुस्लिम महिलाओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर पुष्पवर्षा की और फूल-मालाओं से यात्रा का स्वागत किया।

वहीं, कलियासोत डैम के किनारे गणपति बप्पा की विदाई के दौरान एक छोटी बच्ची भावुक हो गई और रोने लगी। परिजन उसे समझाते नजर आए। कलियासोत डैम में प्रतिबंध के बावजूद कुछ लोग गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करते भी दिखाई दिए। डैम में मगरमच्छों की मौजूदगी के कारण यहां पानी में उतरना जोखिम भरा माना जाता है।

इंदौर में 103 साल पुरानी परंपरा, 9 KM से ज्यादा लंबा रूट

इंदौर में अनंत चतुर्दशी की ऐतिहासिक झांकियों का कारवां शाम 6 बजे से शुरू हुआ। शहर में यह परंपरा करीब 103 साल पुरानी है। 9 किलोमीटर से ज्यादा लंबे मार्ग से गुजरने वाली झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

इस बार झांकियों में पौराणिक कथाओं के साथ नशामुक्ति, नारी शक्ति और कई सामाजिक संदेशों को भी जगह दी गई है। चल समारोह को देखते हुए शहर के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बड़वानी में भी रात करीब 9 बजे से लगभग 40 झांकियों का कारवां निकलने की तैयारी है।

ग्वालियर में 300 से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन

ग्वालियर, धार, रतलाम, आष्टा, बड़वानी और ओंकारेश्वर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन जारी है। ग्वालियर के सागरताल में 300 से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है। ओंकारेश्वर में ग्रामीण क्षेत्रों से 100 से ज्यादा गणेश प्रतिमाएं विसर्जन के लिए पहुंचीं।

भोपाल में छह प्रमुख घाटों पर विसर्जन की व्यवस्था की गई है। विभिन्न स्थानों पर पुलिस, होमगार्ड, गोताखोर और SDRF की टीमें सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही हैं।

यह भी पढ़ें : शी जिनपिंग के डिनर में जुटे मस्क, टिम कुक और सैम ऑल्टमैन, जानिए किस-किस को मिला न्योता 

खंडवा-सीहोर में हादसे, खुशियों के बीच पसरा मातम

गणेश विसर्जन के दौरान कुछ दुखद घटनाएं भी सामने आई हैं। खंडवा के ग्राम नाहल्दा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो सगे भाई तालाब में डूब गए। दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

वहीं, सीहोर के सीलखेड़ा में 16 वर्षीय अतुल अहिरवार की खदान के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रदेशभर में देर रात तक गणेश विसर्जन और झांकियों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित विसर्जन स्थलों का ही उपयोग करने और गहरे पानी में नहीं उतरने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन